श्रीनगर:
विदेश में आकर्षक नौकरियों और ऊंचे पैकेज का लालच देकर भारतीय युवाओं की म्यांमार में तस्करी करने और उनसे जबरन ऑनलाइन साइबर अपराध कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) कश्मीर ने शिकंजा कस दिया है। इस संगठित मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए SIA की टीमों ने गुरुवार को कुलगाम और काजीगुंड इलाकों में कई संदिग्धों के ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
अदालत से सर्च वारंट हासिल करने के बाद SIA ने एफआईआर संख्या 01/2026 के सिलसिले में कुलगाम के बुनगाम चेवगाम निवासी गुलाम नबी खांडे (उर्फ चार्ली/मोहसिन/जेरी खान) और काजीगुंड के बागपोरा निवासी आशिक हुसैन शेख के परिसरों पर तड़के दबिश दी।
इसे भी पढ़ेंः नाबालिगों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लग सकती है रोक: IT नियमों में संशोधन की तैयारी में केंद्र सरकार
थाईलैंड के रास्ते म्यांमार के 'म्यावाडी' में शोषण
जांच में खुलासा हुआ है कि स्थानीय बिचौलिए विदेशों में बैठे अपने आकाओं (Handlers) के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य राज्यों के बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाते थे।
युवाओं को पहले थाईलैंड भेजा जाता था और फिर वहां से अवैध रास्तों के जरिए म्यांमार के म्यावाडी इलाके में ले जाया जाता था। वहां उनके पासपोर्ट जब्त कर उन्हें बंधक जैसी स्थिति में रखा जाता था और जबरन अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी, क्रिप्टो स्कैम और ऑनलाइन वित्तीय घोटालों में धकेला जाता था।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ सख्त एक्शन: प्रदूषण बढ़ने पर बजेगा अलार्म, लागू हुए संशोधित ग्रैप नियम
आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त
तलाशी के दौरान जांच अधिकारियों ने कई संदिग्ध और आपत्तिजनक चीजें जब्त की हैं, जिनमें:
- मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण
- पहचान पत्र, पैन कार्ड और पासपोर्ट
- फर्जी जॉब एग्रीमेंट्स और वीजा से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
SIA के अनुसार, यह रैकेट कई देशों में फैला हुआ है। इस नेटवर्क, इसके वित्तीय स्रोतों और विदेशी लिंक को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से भी संपर्क व समन्वय स्थापित किया जा रहा है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों की सुरक्षा और दोषियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने के लिए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
#SIA #CyberCrime #HumanTrafficking #MyanmarScam #KashmirNews #CyberFraud #JobScam #BreakingNews





