नई दिल्ली:

आधुनिक डिजिटल युग में बच्चों के पढ़ने और होमवर्क करने का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब सवालों के जवाब खोजने के लिए किताबों के पन्ने पलटने के बजाय छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, हर सवाल का उत्तर AI से तैयार करवाने की प्रवृत्ति अभिभावकों (Parents) के लिए चिंता का विषय भी बन रही थी।

इसी समस्या के समाधान और सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए OpenAI ने अगस्त 2026 में 'ChatGPT for Teens' पेश किया है। इसका मुख्य उद्देश्य किशोरों को केवल उत्तर परोसने के बजाय विषय को गहराई से समझने, तार्किक रूप से सोचने और सुरक्षित माहौल में सीखने में मदद करना है।

'इकोनॉमिक टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ChatGPT for Teens के 5 प्रमुख फीचर्स एआई को महज एक उत्तर देने वाला टूल न बनाकर सीखने का एक बेहतरीन जरिया बनाते हैं:

1. स्टडी मोड (Study Mode)

यह फीचर उन छात्रों के लिए बेहद उपयोगी है जो किसी समस्या के पीछे का गणित और लॉजिक समझना चाहते हैं। इसमें ChatGPT सीधे उत्तर देने के बजाय किसी जटिल सवाल को छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़कर समझाता है। यह छात्रों को बीच-बीच में संकेत (Hints) देता है और सवाल पूछकर उनकी समझ को परखता है, जिससे बच्चे खुद समस्या हल करने के लिए प्रेरित होते हैं।

2. होमवर्क रिमाइंडर (Homework Reminder)

अक्सर छात्र ChatGPT से पूरा असाइनमेंट लिखने के लिए कह देते हैं। इस फीचर का उद्देश्य एआई के इस उपयोग को सही दिशा में मोड़ना है। उदाहरण के लिए, यदि कोई छात्र इतिहास का पूरा असाइनमेंट तैयार करने को कहता है, तो यह टूल उसे सीधे निबंध देने के बजाय मुख्य बिंदु समझाएगा और उसे अपना उत्तर स्वयं ड्राफ्ट करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

3. क्विज और इंटरैक्टिव लर्निंग (Quiz & Interactive Learning)

किसी अध्याय को पढ़ने के बाद उसकी समझ का मूल्यांकन करना बेहद जरूरी होता है। छात्र इस फीचर के जरिए किसी भी टॉपिक पर तुरंत प्रैक्टिस क्विज तैयार कर सकते हैं। इन सवालों को हल करके वे आसानी से पहचान सकते हैं कि किस विषय पर उनकी पकड़ मजबूत है और कहां और मेहनत की आवश्यकता है।

4. विजुअलाइजेशन लर्निंग (Visualization Learning)

गणित और विज्ञान के कई कठिन सिद्धांतों को केवल टेक्स्ट के जरिए समझना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस फीचर के तहत 70 से अधिक मुख्य मैथ्स और साइंस कॉन्सेप्ट्स को ग्राफ, सूत्रों और स्टेप-बाय-स्टेप विजुअल फॉर्मेट में पेश किया गया है, जिससे सीखना काफी सरल और रोचक हो जाता है।

5. पैरेंटल कंट्रोल (Parental Controls)

बच्चों के सुरक्षित एआई इस्तेमाल को सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को विशेष कंट्रोल दिए गए हैं। लिंक किए गए पेरेंट अकाउंट के जरिए अभिभावक निम्नलिखित सेटिंग्स मैनेज कर सकते हैं:

  • Quiet Hours: तय समय या रात के वक्त ChatGPT के इस्तेमाल पर रोक लगा सकते हैं।
  • सख्त मोड: नई बातचीत को अनिवार्य रूप से 'स्टडी मोड' में शुरू करा सकते हैं।
  • एक्सेस मैनेजमेंट: बॉयस मोड (Voice Mode), इमेज जनरेशन और अन्य सेंसिटिव फीचर्स को अपनी सुविधानुसार ऑन या ऑफ कर सकते हैं।