पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिले के इटखोरी प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर परिसर में 19, 20 और 21 फरवरी को राजकीय इटखोरी महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम के उद्घाटन से पहले मंत्री सुदिव्य कुमार ने‌ मां भद्रकाली की पूजा अर्चना की।





मंच से संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि इटखोरी महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में है।यह महोत्सव हमारी संस्कृत समरसता का प्रतीक है।मां की यह पावन भूमि तीन धर्म की संगम स्थली है।हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम इस सुंदर सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखें।





उपायुक्त रमेश घोलप ने इस आयोजन के स्वरूप पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत की एक पहचान है।उपायुक्त ने बताया कि इस आयोजन में देश के दिग्गज कलाकार भाग लेगे साथ ही झारखंड के विभिन्न जिलों के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।स्थानीय जिले के कलाकार भी इस राजकीय इटखोरी महा महोत्सव में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।





उद्घाटन समारोह को पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी संबोधित किया।भोक्ता ने कहा कि चतरा जिला के इटखोरी और कौलेश्वरी दोनों धार्मिक स्थलों का विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा की इटखोरी महोत्सव की भव्यता अपने आप में अभूतपूर्व है।





कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर श्री धर्मगुरु स्वामी रविन्द्र कीर्ति हस्तिनापुर,ताराचंद जैन अध्यक्ष झारखंड राज्य दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड, नांगजेय दोरजी सदस्य सचिव बोध गया मंदिर प्रबंधन समिति की गरिमामयी उपस्थिति रही।





राजकीय ईटखोरी महोत्सव के उद्घाटन के पहले दिन 19 फरवरी को संध्या 4ः30 बजे से 5 बजे संध्या तक विपिन मिश्रा एवं ग्रुप द्वारा शंख वादन एवं डमरू वादन, 5 बजे से 5ः15 बजे तक न्यू झारखण्ड कला संगीत सृजन केन्द्र द्वारा नागपुरी नृत्य, 5ः15 से 5ः30 बजे तक नटराज कला केन्द्र चोगा, ईचागढ़ छउ नृत्य, 5ः30 बजे संध्या से 5ः45 बजे तक नीरज डांस एकेडमी चतरा द्वारा डांस, 5ः45 बजे से 6ः15 बजे तक एवं 7ः45 बजे से 8ः15 बजे तक राजीव निगम द्वारा कॉमेडियन, 6ः15 बजे सेे 7ः45 तक चंदन तिवारी द्वारा भोजपुरी लोकगायिका,8ः15 बजे रात्रि से 10ः15 बजे तक सलमान अली द्वारा बॉलीवुड गायन का कार्यक्रम चलेगा।





बता दें कि राजकीय इटखोरी महोत्सव के कार्यक्रम को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।