छत्तीसगढ़ : त्योहारी सीजन और दीपावली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी और सनसनीखेज उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त माने जाने वाले कटोरा तालाब क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी की स्कूटी की डिक्की से 10 लाख रुपये नकद उड़ा लिए।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपड़ा कारोबारी किशोर बलवानी किसी आवश्यक कार्य से बाजार निकले थे और उनके पास 10 लाख रुपये की नकदी थी, जिसे उन्होंने अपनी स्कूटी की डिक्की में रखा हुआ था। वे कटोरा तालाब के पास पहुंचे और स्कूटी खड़ी करके पान खाने के लिए उतरे। कारोबारी के वाहन से कुछ ही दूरी पर हटते ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने मौका पाकर स्कूटी की डिक्की से नकदी पार कर दी और फरार हो गए।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में वायु प्रदूषण पर सख्त हुआ CAQM: सड़कों की जांच में मिले 17 उल्लंघन, 'ऑपरेशन क्लीन एयर' तेज़

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पान खाकर वापस लौटने पर जब कारोबारी ने डिक्की खुली और पैसे गायब पाए, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। बड़ी रकम की चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश कारोबारी की गतिविधियों पर पहले से ही नजर रखे हुए थे या उन्हें इस बात की पूरी जानकारी थी कि स्कूटी में बड़ी रकम रखी है।

त्योहारी सीजन में व्यापारियों की सुरक्षा पर चिंता

दीपावली और धनतेरस के नजदीक आते ही बाजारों में नकदी और सामानों का लेन-देन काफी बढ़ जाता है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और चोरी गई रकम की बरामदगी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

इसे भी पढ़ेंः नाबालिगों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लग सकती है रोक: IT नियमों में संशोधन की तैयारी में केंद्र सरकार

#रायपुरन्यूज #उठाईगिरी #छतीसगढ़पुलिस #कटोरातालाब #व्यापारसुरक्षा #BreakingNews

#RaipurNews #CrimeNews #ChhattisgarhPolice #KatoraTalab #LawAndOrder #BreakingNews