पुलवामा के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि





शहीदों का बलिदान अविस्मरणीय:निदेशक





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरही।रेनबो स्कूल शिवपुर में पुलवामा के वीर शहीदों की पुण्यतिथि पर विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट के मौन से की गई। इस दौरान विद्यालय निदेशक सिकंदर प्रसाद कुशवाहा सहित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने दीप जलाकर पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 वीर जवानों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। सभा में छात्रों ने देशभक्ति गीत गाए और अपने उदगार व्यक्त किए।





स्कूल निदेशक सिकंदर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि 14 फरवरी 2019 का दिन भारतीय इतिहास में उन वीर सपूतों के बलिदान की गवाही देता है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका यह सर्वोच्च बलिदान देश की रक्षा और अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा।





विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों को देश की एकता,अखंडता और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।विद्यालय के छात्रों ने भी पुलवामा के शहीदों को याद में और उनके सम्मान में नारे लगाए, जब तक सूरज चांद रहेगा,शहीदों का नाम रहेगा।





निदेशक सिकंदर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि यह दिन केवल शोक का नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए संकल्प लेने का भी है। उन्होंने कहा कि हमें अपने सैनिकों के बलिदान से सीख लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।





सभा के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर शिक्षकों में गौरी शंकर, प्रवीण कुमार,पंकज कुमार,सुधा यादव,रिंकी कुमारी,सुजीत कुमार,स्वाती कुमारी,मानसी कुमारी,विनय कुमार,सकलदेव यादव,सतीश कुमार,मानसी केशरी,अरमान आलम,रानी कुमारी,शैलवी कुमारी,पृथ्वीराज,परी कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।