प्रतिनिधि,जमशेदपुर। उलीडीह थाना अंतर्गत संकोसाई रोड नंबर 3 से अपह्त सिविल कांट्रैक्टर सुनील पांडेय का लोकेशन पुलिस को मिल गया है। जिसके आधार पर पुलिस उन्हें बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस का यह भी दावा है कि टीम को शीघ्र ही सफलता मिलेगी।





मामले में सुनील पांडेय की बेटी ज्योति पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनके पिता 12 दिसंबर को यह कहकर घर से निकले थे कि वे टेल्को स्थित जोजोबेड़ा जा रहे हैं। वहीं 13 दिसंबर को भी वे घर पर नहीं लौटे। इस बीच रात 8.57 बजे उनके मोबाइल से दादाजी के मोबाइल पर फोन आया। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने पापा को फोन दिया। जिसके बाद पापा ने कहा कि पांच लाख रुपए इंतजाम करके दो, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे। जिसके बाद दोबारा 8.59 बजे फोन कर कहा कि पांच लाख रुपए पहले हमसे लिया था। कल यानी 14 दिसंबर की दोपहर 12 बजे तक 10 लाख रुपए मिल जानी चाहिए नहीं तो सुनील पांडेय को मार देंगे। जबकि फोन करने वाले आरोपियों ने यह नहीं बताया कि रुपए कहां पहुंचाना है। जिसके बाद से अब तक ज्योति के दादा के मोबाइल पर किसी तरह का फोन नहीं आया है। घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं। फिलहाल पुलिस टीम संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है।