मुंबई:

टेलीविज़न के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का एक बेहद कड़ा और गंभीर रूप देखने को मिला। शो को शुरू हुए करीब तीन हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन कंटेस्टेंट्स के ड्रामे से अलग सलमान खान लगातार सामाजिक और प्रासंगिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रख रहे हैं।

हाल ही में बॉडी शेमिंग करने वालों की क्लास लगाने के बाद, अब सलमान खान ने फर्जी AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और डीपफेक (Deepfake) वीडियो बनाने और उसका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

"मैं खुद इससे बच नहीं पाया, बिना जेल भेजे यह नहीं रुकेगा"

शो के दौरान AI तकनीक के गलत इस्तेमाल पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए सलमान खान ने अपना ही उदाहरण दिया। उन्होंने खुलासा किया कि वे खुद भी इस फर्जीवाड़े का शिकार हो चुके हैं।

सलमान ने सख्त लहजे में कहा:

"कोई आपकी AI वॉइस लेकर डब कर देता है और किसी को गाली बक देता है। ये लोग AI वीडियोज बना रहे हैं—बहुत सारे लोगों के बने हैं, यहां तक कि मैं भी इससे बच नहीं पाया हूं। जिन्हें नहीं पता वे समझ लेते हैं कि सलमान खान वहां था, लेकिन जो लोग ये वीडियो बना रहे हैं, वे किस तरह के लोग हैं? ऐसे लोगों को अब जेल की सलाखों के पीछे होना चाहिए। जब तक एक-दो लोग जेल नहीं जाएंगे, तब तक यह रुकने वाला नहीं है। सोशल मीडिया पर अब सेंसरशिप की सख्त जरूरत है और मैं इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से लेने वाला हूं।"

इसे भी पढ़ेंः उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से हटाने के दौरान पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

सितारों पर मंडराता डीपफेक का साया

यह पहला मौका नहीं है जब सलमान खान ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई है। उन्होंने दिसंबर 2025 में ही अपनी AI-जनरेटेड तस्वीरों, वीडियो और आवाज का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की थी। सलमान के अलावा बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां जैसे प्रीति जिंटा, रश्मिका मंदाना, अक्षय कुमार, श्रुति हासन और अमिताभ बच्चन भी डीपफेक के खिलाफ कानूनी कदम उठा चुके हैं और सार्वजनिक रूप से इसका विरोध कर चुके हैं।

इसे भी पढ़ेंः बैंक यूनियनों ने वापस ली 28 से 30 सितंबर की देशव्यापी हड़ताल; 5-डे वर्किंग पर IBA से मिला आश्वासन

बिग बॉस 20 का रोमांच

एक तरफ जहां सलमान खान गंभीर मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बिग बॉस का यह सीजन भी सितारों से सजा हुआ है। इस बार शो में आसिफ खान, मैरी कॉम, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, काजी तौकीर, यंग डीएसए, माही विज, रिती तिवारी और उदिति सिंह जैसी जानी-मानी हस्तियां बतौर कंटेस्टेंट घर के अंदर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं।