पॉप के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित बायोपिक 'माइकल' इस वक्त दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रच रही है। दर्शकों और क्रिटिक्स से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बीच अब बॉलीवुड की 'बेबो' यानी करीना कपूर खान ने भी फिल्म देखने के बाद अपना जबरदस्त रिएक्शन शेयर किया है।

करीना ने की जाफर जैक्सन की सराहना परिवार के साथ बीच वेकेशन से लौटने के बाद करीना ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म की तारीफ में एक पोस्ट साझा किया। फिल्म में माइकल जैक्सन का मुख्य किरदार निभाने वाले उनके भतीजे जाफर जैक्सन को टैग करते हुए करीना ने लिखा, "उफ्फ्फ! क्या फिल्म है, क्या परफॉर्मेंस है!" इसके साथ ही उन्होंने फायर और हार्ट वाले इमोजी लगाकर फिल्म के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की।

गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में रिलीज हुई 'माइकल' वैश्विक स्तर पर करीब 1 बिलियन डॉलर (₹8,300 करोड़ से अधिक) की कमाई करके इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक बन चुकी है। फिल्म की अपार सफलता को देखते हुए इसके दूसरे पार्ट की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।

प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर बेबो की टीम का खंडन फिल्म की तारीफ के बीच करीना कपूर सोशल मीडिया पर अपनी तीसरी प्रेग्नेंसी की खबरों को लेकर भी चर्चा में आ गईं। दरअसल, मुंबई में जिम के बाहर का उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे देखकर फैंस कयास लगाने लगे थे कि वे दोबारा मां बनने वाली हैं। हालांकि, करीना की टीम और उनके करीबी सूत्रों ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

'दायरा' में आएंगी नजर वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही निर्देशक मेघना गुलजार की आगामी फिल्म 'दायरा' में मुख्य भूमिका निभाती दिखेंगी। इस फिल्म में उनके साथ साउथ के मशहूर अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदार में हैं। 'दायरा' 18 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।