पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E925) बुधवार शाम को खराब मौसम के बीच लगभग 17,000 फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। इस घटना में विमान का अगला हिस्सा (नोज) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, पायलट ने अपनी सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई, जिससे विमान में सवार सभी 104 यात्री सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस विमान को लखनऊ से शाम 5:05 बजे फ्लाइट संख्या 6E6968 के रूप में अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। घटना के बाद तकनीकी जांच के लिए विमान को रोक लिया गया और इंजीनियरों की टीम ने उसकी जांच शुरू की। यात्रियों को लंबी परेशानी से बचाने के लिए एयरलाइन ने तुरंत दूसरे विमान की व्यवस्था की, जिससे सभी यात्रियों को शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए सुरक्षित रवाना कर दिया गया।
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, चमोली रहा अधिकेंद्र
प्रमुख बिंदु
- आकाशीय बिजली का कहर: पटना से 3:10 बजे उड़ी उड़ान रास्ते में खराब मौसम के चलते 17 हजार फीट की ऊंचाई पर बिजली की चपेट में आई।
- पायलट की मुस्तैदी: विपरीत परिस्थितियों में भी सुरक्षित लैंडिंग कराकर पायलट ने 104 यात्रियों की जान बचाई।
- त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था: अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को बिना ज्यादा इंतजार कराए दूसरे विमान से शाम 6:22 बजे रवाना किया गया।





