प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बिरसानगर थाना अंतर्गत मोहरदा वास्तु विहार 81 जयंती बंगलो निवासी एसडीओ ऑफिस से रिटायर्ड बड़ा बाबू नंदकिशोर सिंह और उनकी पत्नी नमिता सिंह पर पड़ोसी बुद्धि सिंह रावत ने घर कब्जाने की नीयत से हमला कर दिया। वहीं घटना में दोनों को काफी चोटें भी आई है। जिसके बाद मामला थाने पर पहुंचा। जिसपर पुलिस ने आरोपी बुद्धि सिंह के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
इस मामले में नमिता सिंह का कहना है कि वे शुक्रवार की सुबह 6.30 बजे घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इस बीच आरोपी आकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर उसने लात-घूसे से मारपीट भी की। इस दौरान पति नंदकिशोर सिंह जब बीच-बचाव करने आए तो उनपर भी हमला कर दिया। भुक्तभोगी का कहना है कि आरोपी बार-बार उनके फ्लैट की बिजली और पानी का कनेक्शन कटवा देता है। वहीं चार-पांच दिनों पहले ही सिटी एसपी के. विजय शंकर के प्रयास से बिजली का कनेक्शन मिला है। जबकि वर्तमान में पानी का कनेक्शन कटवा दिया गया है। जिसका फॉल्ट नहीं मिल रहा है। घर में पानी के बिना रहना मुश्किल हो गया है।
नमिता सिंह ने कहा कि वे जिस फ्लैट में अभी रह रही है उसे आरोपी बुद्धि सिंह रावत खरीदना चाहता था। जिसे उसने मई 2022 में खरीदी है और फ्लैट का म्यूटेशन भी उनके नाम पर है। जबकि आरोपी परिवार के लोगों को भगाकर फ्लैट पर कब्जा करना चाहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





