बिहार : बिहार में मानसून के रौद्र रूप और नेपाल व सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद गंडक नदी उफान पर है। पानी के अत्यधिक दबाव के कारण सोमवार देर रात (लगभग 10 बजे) पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के बाएं तट पर बना 'चंपारण तटबंध' दो अलग-अलग स्थानों पर टूट गया। जल संसाधन विभाग और पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन की टीम सूचना मिलते ही तत्काल एक्शन मोड में आ गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
कहाँ-कहाँ टूटा तटबंध?
- बिहार (पश्चिम चंपारण): बगहा प्रखंड के खैरतवा गांव और बैरिया प्रखंड के फुलियाखाड़ गांव के पास गंडक नदी के बाएं तट का तटबंध टूट गया है।
- उत्तर प्रदेश (कुशीनगर): इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में गंडक नदी के दाएं तट पर निर्मित तटबंध भी एक स्थान पर क्षतिग्रस्त हुआ है।
इसे भी पढ़ेंः नेपाल में बाढ़,भूस्खलन और वज्रपात से 21 की मौत; नारायणी नदी खतरे के निशान से ऊपर
5.43 लाख क्यूसेक का रिकॉर्ड डिस्चार्ज बना वजह
सोमवार को वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से 5,43,500 (5.43 लाख) क्यूसेक का अप्रत्याशित जलस्राव (डिस्चार्ज) प्रवाहित हुआ। नदी का यह भारी जलस्तर वाल्मीकिनगर बराज पर लगातार 13 घंटे तक 5 लाख क्यूसेक से अधिक और 32 घंटे तक 4 लाख क्यूसेक से अधिक बना रहा। 26 और 27 सितंबर के बीच सीमावर्ती इलाकों में हुई भारी बारिश से जलस्तर पहले से ही काफी बढ़ा हुआ था, जिसे चंपारण तटबंध झेल नहीं सका।
इन 6 जिलों में मंडराया बाढ़ का खतरा
गंडक नदी का यह उफनता पानी अब निचले इलाकों की ओर बढ़ रहा है, जिससे बिहार के 6 प्रमुख जिले प्रभावित हो रहे हैं:
- पश्चिम चंपारण
- पूर्वी चंपारण
- गोपालगंज
- सारण
- मुजफ्फरपुर
- वैशाली
इसे भी पढ़ेंः कुदरत का विकराल रूप: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में जलप्रलय; UP में 29 मौतें, बिहार के 6000 गांव बने टापू
मुख्यालय से 4 विशेष इंजीनियर टीमें रवाना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। रात में ही कार्यपालक अभियंताओं की अध्यक्षता में चार विशेष टीमों को बगहा, बेतिया, मोतिहारी और गोपालगंज भेजा गया है। क्षेत्रीय इंजीनियर बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों में जुटे हैं। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, अब अपस्ट्रीम में जल स्तर धीरे-धीरे घटने लगा है, लेकिन डाउनस्ट्रीम के इलाकों में जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति देखी जा रही है।
#BiharFloods #GandakRiver #WestChamparan #ValmikinagarBarrage #ChamparanEmbankment #BiharNews #BagahaNews #बाढ़_अलर्ट #गंडक_नदी #बिहार_मौसम





