पटना/पश्चिम चंपारण। त्योहारों के मौसम से ठीक पहले बाढ़ की विभीषिका झेल रहे परिवारों के लिए बिहार सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य के सभी चिह्नित बाढ़ प्रभावित परिवारों को दशहरा से पहले सात-सात हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि (जीआर की राशि) सीधी उपलब्ध कराई जाएगी।
बुधवार को मुख्यमंत्री ने बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने पटना से पश्चिम चंपारण जाने के दौरान गंडक, गंगा और अन्य नदियों के जलस्तर का एरियल सर्वे किया। मुख्यमंत्री ने पश्चिम चंपारण जिले के बगहा, बैरिया (बथना), योगापट्टी (मच्छरगांवा) और नौतन (शिवराजपुर, बनकटवा) के साथ-साथ सारण जिले के मकेर प्रखंड स्थित हैजलपुर में टूटे तटबंध का हवाई जायजा लिया।
इसे भी पढ़ेंः NCRB की रिपोर्ट: एक दशक में बच्चियों से दुष्कर्म के मामले चार गुना बढ़े
राहत शिविरों का निरीक्षण और संवेदनशीलता
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री बैरिया प्रखंड के बथना स्थित 'पीएमश्री राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय' में चल रहे बाढ़ राहत शिविर पहुंचे। वहां उन्होंने व्यवस्थाओं का बारकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक रसोई में जाकर स्वयं बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा और शिविर में रह रहे लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। इसके अलावा उन्होंने बच्चों के लिए चलाए जा रहे अस्थायी आंगनबाड़ी बाल शिविर, चिकित्सा शिविर, पशु राहत शिविर और पेयजल-स्वच्छता की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसे भी पढ़ेंः बिहार: गंडक नदी के भीषण दबाव से टूटा चंपारण तटबंध, कई गांव जलमग्न; प्रशासन अलर्ट पर
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक और दिशा-निर्देश
बथना में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने मानचित्र के माध्यम से जिले में बाढ़ की स्थिति, राहत व बचाव कार्य, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की तैनाती की विस्तृत जानकारी दी।
जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह ने बैठक में बताया कि नेपाल से इस वर्ष रिकॉर्ड पानी छोड़े जाने के कारण बगहा, रेवा घाट, लालगंज और गोपालगंज में नदियां अब तक के सबसे उच्चतम जलस्तर (HFL) पर पहुंची हैं। हालांकि अब जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई कोताही न बरती जाए और प्रभावित परिवारों को तुरंत जीआर राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्थानीय सांसद, विधायक और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
#BiharFloodRelief #SamratChoudhary #BiharGovernment #GNAssistance #FloodReliefCamp #WestChamparan #GandakRiver #BiharNews
#बिहार_बाढ़_राहत #सम्राट_चौधरी #बिहार_सरकार #सहायता_राशि #पश्चिम_चंपारण #बाढ़_राहत_शिविर #बिहार_समाचार





