प्रतिनिधि,बड़कागांव। इन दिनों बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र में एक सार्वजनिक पार्क एवं पुस्तकालय भवन के अभाव को देखते हुए सिविल सोसाइटी अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा के समक्ष मांग रखी है। साथ ही उन्होंने सांसद सिन्हा से औपचारिक मुलाकात करते हुए बड़कागांव की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया है।
मनोज गुप्ता ने बताया कि बड़कागांव क्षेत्र में पुस्तकालय भवन एवं एक सार्वजनिक पार्क अति आवश्यक है। 8 वर्ष पूर्व पुस्तकालय भवन तो बना परंतु पुस्तकालय व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है।
मनोज गुप्ता ने बताया कि इन दिनों बड़कागांव की सड़कों पर कोयला का धूल उड़ता नजर आ रहा है जहां बड़कागांव के बुजुर्ग महिला पुरुष व बच्चे अपने सेहत में सुधार लाने के लिए सुबह सवेरे टहलने के लिए निकलते हैं।जहां उन्हें इन धूल कण के कारण दिन-ब-दिन वह और भी अस्वस्थ होते जा रहे हैं। बड़कागांव के गुरु चट्टी में करीब 2 एकड़ में फैला तालाब है, जिसका उपयोग एक बेहतर पार्क के रूप में किया जा सकता है । अगर बड़कागांव में सार्वजनिक पार्क बन जाती है तो बड़कागांव के लोग काफी उत्साहित होंगे। बड़कागांव के विद्यार्थी अपने जिले के साथ-साथ कई राज्यों में बड़कागांव का नाम रौशन कर रहे हैं। उन्हें पुस्तकालय भवन मुहैया करा दिया जाए तो बड़कागांव के बच्चे बेहतर रूप से शिक्षा प्राप्त कर पाएंगे और इस क्षेत्र का नाम और भी रोशन कर सकेंगे । विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय का अभाव दूर करने से बड़कागांव का समुचित विकास हो सकता है।आगे उन्होंने कहा है कि बड़कागांव के कचहरी में तत्कालीन उपायुक्त मनीष रंजन के द्वारा पुस्तकालय भवन बनाया गया था,जो किसी कारण बस आगे नहीं बढ़ सका।उक्त पुस्तकालय भवन को बेहतर पुस्तकालय यहां के विद्यार्थियों के लिए बनाया जा सकता है।





