भोपाल: मध्य प्रदेश में शासकीय सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। भोपाल स्थित रवींद्र भवन में आयोजित कृषि विभाग के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले वर्ष 1 लाख नए पदों पर सीधी भर्तियां करने जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया अब प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी ताकि कर्मचारियों को समय पर उनका हक मिल सके।

पुरानी व्यवस्थाओं में सुधार और DPC पर सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत दी कि केवल लंबित मामलों को निपटाने से काम नहीं चलेगा। चालू वर्ष की DPC प्रक्रिया को भी इसी वर्ष के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। रवींद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जहां कृषि अधिकारी-कर्मचारी संघों ने मुख्यमंत्री का विशाल गजमाला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट का कड़ा संदेश, "यौन अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करे पुलिस"

अनुकंपा नियुक्ति और विभाग में नई भर्तियां

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि सरकार ने असमय काल कवलित हुए कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए लगभग 300 अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया है, जिनमें से 44 आश्रितों को सहायक वर्ग-3 के पद पर पदस्थ किया गया है।

कृषि विभाग की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया:

  • 3,357 कर्मचारियों की पदोन्नति: विभाग के कुल 3,357 कर्मचारियों को हाल ही में पदोन्नत किया गया है।
  • 1,500+ नए पदों पर भर्ती: एमपी पीएससी (MPPSC) और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से उप अभियंता, सचिव और डेटा एंट्री ऑपरेटर जैसे 1,500 से अधिक पदों पर शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

इसे भी पढ़ेंः NCRB की रिपोर्ट: एक दशक में बच्चियों से दुष्कर्म के मामले चार गुना बढ़े

गेहूं उपार्जन में देश का सिरमौर बना मध्य प्रदेश

कृषि को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मुख्य धुरी बताते हुए डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने 14 लाख किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं की रिकॉर्ड खरीद कर देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कृषि विभाग के मैदानी अमले की मेहनत और समर्पण को दिया।

#MPNews #MohanYadav #MPGovernment #JobAlertMP #MPPSC #DPCUpdate #MadhyaPradeshJobs #AgricultureDepartment #BhopalNews

#मध्य_प्रदेश #मोहन_यादव #एमपी_सरकारी_नौकरी #रोजगार #कृषि_विभाग #भोपाल_समाचार