सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत बंडा क्षेत्र में शनिवार रात जहरीली शराब पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

रात में तबीयत बिगड़ने पर करीब एक दर्जन लोगों को तत्काल बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 9 लोगों ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से बीमार 5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया वरिष्ठ अधिकारियों के दल के साथ बंडा पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों का हाल जाना और जांच के निर्देश दिए। क्षेत्र में तनाव और शांति व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतकों और घायलों की सूची

  • मृतक: गोलू उर्फ चमन लोधी (45, गूगरा खुर्द), दिग्विजय लोधी (28, नौराज), करतार सिंह लोधी (30, नौराज), उजियार सिंह लोधी (56, गूगरा खुर्द), रोशन लोधी (30, पाटन) और राजेंद्र लोधी (32, नौराज-गूगरा)।
  • गंभीर (बीएमसी रेफर): हरनाम राय (42, चौका), उत्तम नत्थू नायक (42, दलपतपुर), मंगल रजक (40, गूगरा खुर्द), परम आदिवासी (हिनौता) और धनसिंह आदिवासी (30, हिनौता)।

प्रशासन का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल जहरीली शराब के कोण से मामले की गहन जांच की जा रही है।