जमशेदपुर:
जब प्रशासनिक तंत्र कुंभकर्णी नींद में सो जाए और जनता की समस्याओं पर ध्यान न दे, तो व्यवस्था को झकझोरने के तरीके भी अनूठे और कड़े हो जाते हैं। मानगो नगर निगम की लचर कार्यशैली और प्रशासनिक बेरुखी को रविवार को ऐसा ही एक कड़वा आईना दिखाया गया।
पिछले दो वर्षों से लगातार उपेक्षित पड़े मुर्दा मैदान की गंदगी और बदबू से त्रस्त स्थानीय जनता को राहत दिलाने के लिए निर्दलीय विधायक सरयू राय ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। निगम प्रशासन को दी गई 7 दिनों की अल्टीमेटम अवधि बीत जाने के बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो विधायक खुद जेसीबी, हाईवा और ट्रैक्टरों का काफिला लेकर मैदान पर उतर पड़े।
जेसीबी और ट्रैक्टरों से कचरा उठवाकर निगम दफ्तर के सामने फेंका
मानगो नगर निगम प्रशासन लंबे समय से जमीन के मालिकाना हक और तकनीकी पेंच का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा था। इस गतिरोध को खत्म करने के लिए विधायक सरयू राय ने पहले स्थानीय आदिवासी समाज के साथ संवाद कर आम सहमति बनाई।
इसके बावजूद जब निगम अधिकारियों ने सफाई के प्रति उदासीनता दिखाई, तो विधायक ने वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर मैदान से कचरा उठवाया और सीधे मानगो नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने खाली जमीन पर उड़ेल दिया।
अधिकारियों से जब डंपिंग यार्ड का पता पूछा गया और वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो विधायक ने कड़ा तंज कसते हुए कहा— "कचरा हम अपने घर तो लेकर जा नहीं सकते थे, इसलिए इसे सीधे इसके असली ठिकाने यानी निगम मुख्यालय के सामने छोड़ दिया गया है।"
इसे भी पढ़ेंः पान खाने के बदले चुकानी पड़ी 10 लाख, कटोरा तालाब के पास से 10 लाख रुपये पार
'रविवार को छुट्टी कैसे? नगर निगम एक इमरजेंसी सेवा है'
रविवार होने के कारण नगर निगम कार्यालय के बंद मिलने पर विधायक सरयू राय ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम एक आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवा विभाग है, जो किसी दिन या छुट्टी के नाम पर बंद नहीं हो सकता।
अधिकारियों की कार्यशैली को बेहद संवेदनहीन करार देते हुए उन्होंने उजागर किया कि पिछले कई महीनों से नगर निगम की बोर्ड बैठकें ठप पड़ी हैं और चुने हुए जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर जिला उपायुक्त (DC) से मांग की है कि लापरवाह और गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ शासन को कड़ी रिपोर्ट भेजी जाए ताकि जनता के साथ हो रहे इस अन्याय पर रोक लग सके।
#सरयूराय #मानगोनगरनिगम #जमशेदपुरन्युज #कचराविवाद #प्रशासनिकलापरवाही #झारखंडराजनीति #जनहित #जनताकीआवाज #जमशेदपुर
#SaryuRoy #MangoMunicipalCorporation #JamshedpurNews #CivicApathy #Protest #JharkhandPolitics #PublicIssues #LocalGovernance #UrbanLocalBodies





