न्यूयार्क यूएस ओपन 2026 का पहला ही दिन टेनिस जगत के लिए एक बहुत बड़े उलटफेर का गवाह बना। 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में उतरे सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी और पूर्व विश्व नंबर-1 नोवाक जोकोविक प्रतियोगिता के पहले दौर में ही बाहर हो गए। आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक और थका देने वाले मुकाबले में अर्जेंटीना के गैर-वरीय खिलाड़ी मारियानो नावोन ने जोकोविक को 7-6 (5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हरा दिया।
साढ़े चार घंटे का मैराथन मुकाबला और जोकोविक का जुझारूपन न्यूयार्क की भीषण गर्मी और उमस में यह मुकाबला पूरे साढ़े चार घंटे तक चला। मैच के दौरान 39 वर्षीय जोकोविक शारीरिक रूप से काफी असहज दिखे। एक समय अमेरिका की गर्मी के कारण उनकी हालत इस कदर बिगड़ी कि वे विज्ञापन बोर्ड के पीछे जाकर उलटी करने पर मजबूर हो गए।
शारीरिक रूप से पस्त होने के बावजूद जोकोविक ने हार न मानने का अपना वही पुराना जुझारू रवैया दिखाया। पांचवें और निर्णायक सेट से ठीक पहले उन्होंने कमर के दर्द के लिए मेडिकल टाइमआउट लिया और फिजियो से इलाज कराया। हालांकि, अंपायर को 'मैं ठीक हूं' कहकर वे दोबारा कोर्ट पर उतरे और दर्शकों के बीच जोश भर दिया।
मारियानो नावोन का शानदार प्रदर्शन दूसरी तरफ, अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने इस स्थिति का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने अपनी सटीक बेसलाइन गेम और बेहतरीन रैलियों के दम पर जोकोविक को पांचवें सेट में वापसी का कोई मौका नहीं दिया और अंतिम दो सेट 6-2, 6-1 से अपने नाम कर मुकाबला जीत लिया।
तालिियों के साथ मिला सम्मान मैच समाप्त होने के बाद जब पसीने से तर-बतर और थक चुके नोवाक जोकोविक कोर्ट से बाहर जाने लगे, तो आर्थर ऐश स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने खड़े होकर (स्टेंडिंग ओवेशन) उनके अविश्वसनीय संघर्ष का सम्मान किया। जोकोविक ने भी हाथ जोड़कर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
24 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके जोकोविक अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। हालांकि, उन्होंने हाल ही में संकेत दिए हैं कि वे 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भाग लेना चाहते हैं, लेकिन इस हार ने उनके 25वें ग्रैंड स्लैम के सपने को फिलहाल रोक दिया है।





