लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अराजकता फैलाने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है।
"युवाओं को अराजकता की राजनीति का बनाया जा रहा मोहरा"
राजनाथ सिंह ने दिल्ली के हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि ये हालात कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से तथा अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से देश के युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव और अस्थिरता पैदा करने में जुटे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के नौजवानों को सोची-समझी साजिश के तहत अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ेंः गृह मंत्री अमित शाह का आह्वान आतंकवाद, ड्रग्स तस्करी और फंडिंग पर मिलकर करें कड़ा प्रहार
"बांग्लादेश की तर्ज पर शासन बदलना चाहती है कांग्रेस"
कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, "एक तरफ प्रेस वार्ता में खुलकर कहा जाता है कि शासन बदलने की प्रेरणा बांग्लादेश से ली गई है, तो दूसरी तरफ डंके की चोट पर सरकार गिराने की बातें की जाती हैं।"
उन्होंने कहा कि इन बयानों से साफ जाहिर होता है कि इनका वास्तविक एजेंडा चुनाव सुधार या युवाओं का भविष्य नहीं है, बल्कि देश में अराजकता और अस्थिरता पैदा कर शॉर्टकट से सत्ता हासिल करना है। उन्होंने राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों को भी पूरी तरह बेबुनियाद और सबूतहीन करार दिया।
राजनाथ सिंह का आज का अन्य कार्यक्रम
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर शोक संतृप्त परिवारों से भेंट करेंगे और दिवंगत आत्माओं को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उपरोक्त वीडियो रिपोर्ट्स के माध्यम से आप रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस और राजनीतिक बयानों की विस्तृत कवरेज देख सकते हैं।
#RajnathSingh #LucknowNews #Congress #BangladeshCrisis #IndianPolitics #BJP #BreakingNews #NationalNews





