राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का हुआ समापन
कर्मठता,अनुशासन व सकारात्मक सोच से एक नए समाज का निर्माण होता है:विधायक
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिद्धौर(चतरा)।प्रखंड मुख्यालय अवस्थित शिशु विद्या मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से चल रहा सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का समापन सोमवार को हो गया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल और चतरा विधायक जनार्दन पासवान थे।
सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल ने कहा कि मुझे विश्वास है कि इन सात दिनों में स्वयंसेवकों ने जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है,उन स्मृतियों को संजोकर इसका सदुपयोग करेंगे,ताकि समाज का हित हो सके।इससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे समाजहित में कार्य करना है, ताकि सबसे अलग आपका व्यक्तित्व दिखे।संघ के स्वयंसेवक सदैव जाग्रत अवस्था में रहते हैं और यही संघ का ध्येय भी है। इसलिए समाज में कुछ अलग करने के लिए एक संकल्प लेकर अपने घर जाना है।
विधायक कुमार उज्जवल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक समाज के प्रति सदा सकारात्क सोच रखता है। यही नहीं छोटे से लेकर बड़े विषय पर चिंतन करना,अपना कर्तव्य समझता है।पूरी दुनिया के लोग हिन्दुत्व की ओर आकृष्ट हो रहे हैं और हिन्दू जीवन शैली के मूल सिद्धांतों को स्वीकार कर रहै हैं। क्योंकि हिन्दू का मतलब हीनता से दूर रहने वाला,हीनता से आशय केवल स्व की कल्पना है,जबकि संघ सम्पूर्ण समाज के मंगल की कामना करता है। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज ही है, जो अपने संस्कृति को हमेशा संजो कर रखता है।
विधायक कुमार उज्जवल ने कहा कि संघ के संस्थापक डॉ. बलिराम केशव हेडगेवार ने कहा था कि संघ के सेवक एक बीज की तरह होते हैं।जिस तरह से एक बीज को वृक्ष बनने के लिए स्वयं के अस्तित्व को समाप्त करना पड़ता है उसी तरह से स्वयंसेवक सम्पूर्ण समाज का चिंतन करता है और अपनी कर्मठता,अनुशासन व सकारात्मक सोच से एक नए समाज का निर्माण करने का हर संभव प्रयत्न करता है।
चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का निर्माण किया जाता है। ताकि वह स्वयं की इच्छा से बिना किसी भेदभाव से एक अच्छे समाज के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सके।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्राथमिक शिक्षा वर्ग का कार्यक्रम बीते रविवार से शुरू हुआ था।इसमें प्रतिदिन संघ स्थान पर प्रार्थना के बाद शारीरिक शिक्षा,व्यायाम,खेल और बौद्धिक के साथ-साथ स्वयंसेवकों का व्यक्तित्व,कृतित्व, नेतृत्व,समझदारी,समर्पण का भाव व देश भक्ति की भावना की बात बताई गयी।
इस मौके पर सिमरिया के पूर्व विधायक किसुन कुमार दास,संघ संचालक मोतीलाल,जिला कार्यवाहक पंकज कुमार सिंह,सह जिला कार्यवाहक सुनील रजक,मुख्य शिक्षक शम्भु कुमार राणा,विद्यालय संचालक विनोद कुमार दांगी,भाजपा मंडल अध्यक्ष कपिल कुमार,महामंत्री मनोज कुमार कुशवाहा, जिला कार्य समिति सदस्य सत्येंद्र कुमार दांगी,विजय दांगी,सुनील कुमार राणा,बंशी दांगी,नागेश्वर महतो सहित कई अन्य उपस्थित थे।





