झारखंड की राजधानी रांची में राज्य की भर्ती परीक्षाओं (JSSC-CGL) में कथित अनियमितताओं और सुधार की मांग को लेकर पिछले 24 दिनों से चल रहे छात्रों के आंदोलन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने सलाह दी है कि मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आंदोलनकारी छात्रों और भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के प्रतिनिधियों से मुलाकात करनी चाहिए।

झारखंड में JMM, कांग्रेस, RJD और वामदलों की गठबंधन सरकार है, ऐसे में राहुल गांधी की इस चिट्ठी को राजनीतिक और प्रशासनिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

राहुल गांधी के पत्र की मुख्य बातें:

  • छात्रों की मांगें जायज: राहुल गांधी ने लिखा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में मिला शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का अधिकार लोकतंत्र का प्रमुख आधार है।
  • हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना: उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा छात्रों से संवाद के लिए समिति गठित करने के कदम का स्वागत किया, हालांकि यह भी ध्यान दिलाया कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और आंदोलन अभी जारी है।
  • BJP-RSS पर निशाना: शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि RSS और BJP ने शिक्षा प्रणाली पर कब्जा कर लिया है और इसे छात्रों के शोषण तथा दमन का जरिया बना दिया है।
  • CM की व्यक्तिगत पहल की अपील: राहुल ने सोरेन से आग्रह किया कि उनकी सीधी बातचीत से सरकार की प्रतिबद्धता मजबूत होगी और संकट की इस घड़ी में युवाओं के साथ खड़े रहने का सकारात्मक संदेश जाएगा।

रांची में तनावपूर्ण बना हुआ है माहौल

उल्लेखनीय है कि रांची में छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलन के समर्थन में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। इससे पहले छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने से मामला गरमा गया था। राज्य सरकार ने गतिरोध खत्म करने के लिए छात्र प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है।