लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश और व्यस्ततम इलाकों में शुमार गोमतीनगर क्षेत्र गुरुवार दोपहर खून से लाल हो उठा। गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहे पर दोपहर करीब 12 बजे एक पति ने बैंक में कार्यरत अपनी पत्नी की दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने वहां से एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे पहुंचकर अपनी अवसादग्रस्त बहन को मौत के घाट उतारा और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे शहर में दहशत और सनसनी का माहौल है।

मिठाईवाला चौराहे से शुरू हुआ मौत का तांडव

मृतका दिव्या मिश्रा (आईसीआईसीआई बैंक की मिठाईवाला चौराहा शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर) गुरुवार दोपहर बैंक के बाहर मौजूद थीं। इसी दौरान उनका पति मानस वाजपेयी वहां पहुंचा। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई और मानस ने अपनी पिस्टल निकालकर दिव्या पर एक के बाद एक दो गोलियां दाग दीं। दिव्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आस-पास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी मानस मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान दिव्या को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका दिव्या मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।

एक किमी दूर बहन की हत्या, फिर खुद को उड़ाया

पत्नी की हत्या करने के बाद फरार हुआ मानस सीधे हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपनी बहन तूलिका (सीबा) के किराए के मकान पर पहुंचा। मानस की बहन लंबे समय से मानसिक बीमारी और अवसाद से ग्रसित थी। मानस ने अपनी बहन को भी गोली मार दी और उसके तुरंत बाद उसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मानस भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में कार्यरत था और उसके माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।

हत्या से पहले लगाया खौफनाक व्हाट्सएप स्टेटस

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड और खुदकुशी को अंजाम देने से ठीक पहले मानस बाजपेई ने अपने मोबाइल के व्हाट्सएप पर एक स्टेटस पोस्ट किया था। उसने लिखा:

"मेरी पत्नी मुझको धोखा दे रही थी, मैंने उसे मार दिया... अपनी बहन को भी मार दिया। प्रज्ञा मिश्रा और भारत (पत्रकार) सब कुछ जानते हैं... मैं सुसाइड करने जा रहा हूं।"

तलाक का मुकदमा और पारिवारिक विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और उसकी पत्नी दिव्या के बीच पिछले काफी समय से कड़वाहट और विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले अदालत में पति से तलाक (Divorce) के लिए अर्जी दाखिल की थी और वह आलमबाग इलाके में अलग रह रही थीं। वहीं मानस अपनी बीमार बहन के साथ हुसड़िया के पास रह रहा था।

लखनऊ पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का मुआयना किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत फोरेंसिक जांच की जा रही है। शहर के बीचों-बीच हुए इस तिहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।