बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नाना पाटेकर और अक्षय कुमार की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'वेलकम' में अपने आइकॉनिक डायलॉग "मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था..." से घर-घर में पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान का निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रहे थे। मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने इस खबर की पुष्टि की।
इसे भी पढ़ेंः आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का कहर: हादसों में मासूम समेत 6 की मौत; सीएम नायडू ने किया अलर्ट
निधन से दो घंटे पहले हुई थी आखिरी मुलाकात
मुश्ताक खान के अचानक चले जाने से उनके करीबी दोस्त और मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव पूरी तरह टूट गए हैं। राजपाल ने सोशल मीडिया पर अभिनेता की मुस्कुराती हुई तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि उनके निधन से महज दो घंटे पहले ही वह उनसे अस्पताल में मिलने गए थे।
अपनी आखिरी मुलाकात को याद करते हुए राजपाल यादव ने लिखा:
"मैं दिन में ही मुश्ताक भाई से मिलकर आया हूं। उनसे बातें की, उन्होंने मुझे देखकर मुझसे हाथ भी मिलाया। पूरी बातचीत उन्होंने सुनी और उस पर रिएक्ट भी किया। मैं अभी भी यकीन नहीं कर पा रहा हूं कि जिस शख्स से मैं दो घंटे पहले मिला था, अब वह हमारे बीच नहीं रहे। हम नियति के सामने कुछ नहीं कर सकते। मुश्ताक भाई हमेशा लोकप्रिय थे और अपने काम के लिए याद रखे जाएंगे। भारी दिल से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा हूं।"
इसे भी पढ़ेंः 'मुज्तबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ, 7 घंटे हुई थी मुलाकात': न्यूयॉर्क में बोले ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक वीडियो
राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के साथ अस्पताल की एक वीडियो भी शेयर की थी, जिसे बाद में उन्होंने डिलीट कर दिया। हालांकि, तब तक वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।
उस वायरल वीडियो में मुश्ताक खान अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं और उन्होंने राजपाल यादव का हाथ थाम रखा है। वीडियो में राजपाल उन्हें ढांढस बंधाते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं कि वह जल्द ही ठीक होकर वापस लौटेंगे।
मुश्ताक खान के निधन से न सिर्फ बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है, बल्कि उनके करोड़ों फैंस भी भारी मन से इस बेहतरीन कलाकार को अंतिम विदाई दे रहे हैं।





