प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह मार्ग होकर बिहार अवैध स्प्रिट सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति को उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी उत्पाद अधीक्षक सुधीर कुमार ने पत्रकारों को दी।बता दें कि स्प्रिट अवैध जहरीली शराब बनाने के कारोबार में प्रयुक्त किया जाता है।गिरफ्तार व्यक्ति सहरसा का दिलीप कुमार श्रीवास्तव है।





उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि लगातार सूचना प्राप्त हो रही थी कि गिरिडीह जिले से होकर कुछ लोगों द्वारा अवैध स्प्रिट की स्मगलिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह रोड के माध्यम से स्प्रिट को बिहार ले जाया जाता है। इसी सूचना के आधार पर उत्पाद निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड में घेराबंदी कर 3 जरकिन में 90 लीटर स्प्रिट जब किया गया। साथ ही इस मामले में दिलीप कुमार श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि यहां के लोगों से बिहार के लोग संपर्क में है और इसी मिली भगत से स्प्रिट स्मगलिंग को अंजाम दिया जा रहा था।





उत्पाद अधीक्षक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इसके मुख्य सरगना का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि नाजायज शराब का सेवन नहीं करें, यह जानलेवा हो सकता है।इस अभियान में अजय कुमार सिंह, सुरेंद्र यादव, भीम लाल महतो, वरुण राय, नंद किशोर द्विवेदी, नवल किशोर, सुबोध प्रसाद सिंह, सुरेंद्र राय आदि शामिल थे।