मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बांद्रा स्थित मशहूर बंगले 'मन्नत' के परिसर में सोमवार (17 अगस्त) शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लॉन और घर के आसपास दो सांप देखे गए। इत्तेफाक से यह घटना नाग पंचमी के अवसर पर हुई। सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब 8 फीट लंबे गैर-विषैले 'धामन' (इंडियन रैट स्नेक) को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया, जबकि दूसरे सांप की तलाश अब भी जारी है।
CCTV फुटेज में दिखा नर-मादा का जोड़ा
स्नेक रेस्क्यूअर विक्की दुबे के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8 बजे मन्नत से इमरजेंसी कॉल आया था। बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर कैमरे में नर और मादा सांप का एक जोड़ा साथ दिखाई दिया।
सीढ़ी के नीचे छिपा मिला 8 फीट का 'धामन'
जांच के दौरान मादा सांप बंगले के अंदरूनी हिस्से में चली गई, जबकि नर सांप रोशनी वाली जगह पर आकर बैठ गया। सीसीटीवी की मदद से लोकेशन ट्रैक कर रेस्क्यू टीम ने सीढ़ी के नीचे छिपे 8 फीट लंबे नर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़े गए सांप की पहचान 'धामन' के रूप में हुई है, जो पूरी तरह जहरमुक्त होता है।
गौरी खान समेत मौजूद थे 7 लोग
रेस्क्यू के वक्त शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान, सुरक्षाकर्मी और घर का स्टाफ (कुल लगभग 7 लोग) मन्नत में मौजूद थे।
मादा सांप के अंदर की तरफ चले जाने के कारण रेस्क्यू टीम उसे तलाशने में जुटी हुई है। 14 सालों से सांपों का रेस्क्यू कर रहे और अब तक 4,500 से अधिक सांपों को बचा चुके विक्की दुबे ने बताया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो मादा सांप को ढूंढने के लिए दोबारा तलाशी अभियान चलाया जाएगा।





