जमशेदपुर।साकची थाना अंतर्गत बसंत टॉकीज के पास सनातन उत्सव समिति की अगुवाई में चल रहे श्री हनुमान मंदिर निर्माण पर जिला प्रशासन द्वारा आधी रात लगाई गई रोक और कार सेवकों पर हुए लाठीचार्ज का विवाद बढ़ता दिख रहा है। वहीं सोमवार सनातन उत्सव समिति की ओर से मंदिर निर्माण से जुड़े चिंटू सिंह के नेतृत्व में राज्य के मंत्री बन्ना गुप्ता से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए सहयोग भी मांगा।





चिंटू सिंह ने आरोप लगाया की प्रशासन की दमनकारी कार्रवाई हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। साथ ही यह सर्वविदित है कि इसके पीछे पूर्वी के विधायक सरयू राय का दबाव है। समिति के नेताओं ने मंत्री को बताया कि उक्त मंदिर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। मगर पूर्वी के विधायक निर्माण कार्य में रोड़े अटका रहे हैं।जबकि वे जब पश्चिम विधानसभा से विधायक निर्वाचित थें तो उन्होंने एकबार भी मंदिर निर्माण की सुध नहीं ली। अब केवल हिंदू मंदिरों के विरुद्ध राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। समिति ने लाठीचार्ज की घटना और मंदिर निर्माण पर रोक की उच्चस्तरीय जांच कराने का आग्रह भी किया है। वहीं मंत्री बन्ना गुप्ता ने सनातन उत्सव समिति के शिष्टमंडल को हनुमान मंदिर निर्माण के लिए प्रयासों के लिए सराहा भी। साथ ही मुकदमें और लाठीचार्ज की घटना के आशय में उचित सहयोग का भरोसा भी दिया। मंत्री ने आश्वस्त किया कि हर हाल में मंदिर का निर्माण होगा और उसकी भव्यता देखते बनेगी। उन्होंने कहा कि हिन्दू भावना के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने डीसी और एसएसपी से प्रकरण की जानकारी लेकर शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास करने की बात भी कही।





दूसरी ओर मंत्री से मुलाकात के बाद सनातन उत्सव समिति का मनोबल बढ़ा है। इस दौरान निर्माण टीम से जुड़े अप्पू तिवारी ने कहा कि मंत्री संग भेंट वार्ता सकारात्मक रही और जरूरी सहयोग का भरोसा भी मिला। उन्होंने कहा कि भाजमो के संस्थापक सरयू राय के इशारों पर हनुमान मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े लोगों पर झूठे प्रकरण दर्ज हुए है। पुलिस और प्रशासन दबाव में एकतरफा फैसले ले रही है। सनातन उत्सव समिति ऐसे मुकदमों से नहीं डरती। मंदिर निर्माण करने पर मुकदमा होना गर्व की बात है। समिति फिलहाल मंत्री बन्ना गुप्ता के रुख का इंतेजार कर रही है।