प्रतिनिधि,गिरिडीह।एक ओर जहां गिरिडीह जिले के धनवार में भू माफियाओं के खिलाफ लागातार आंदोलन किए जा रहे हैं।जिसे लेकर धरना प्रदर्शन तक किए गए।इधर गिरिडीह शहर समेत प्रखंडों में भी भूमि विवाद के कई मामले सामने आए हैं।जिससे इस बात को बल मिलता है कि भू स्वामियों द्वारा उठाए जा रहे सवाल में कहीं ना कहीं सच्चाई झलक रही है या यदि यह कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि राज्य का गिरिडीह जिला भी अब भू माफियाओं की चपेट में आ रहा है।जिस पर यदि समय रहते लगाम नहीं लगाया गया तो स्थिति भयावह हो सकती है।इस बात की आशंका यहां के निवासियों द्वारा अब प्रकट किए जाने लगे हैं।वहीं कई समाजसेवियों एवं राजनीतिक दलों के लोग भी अब सामने आने का भी मन बना चुके हैं।इन दिनों किस तरह सरकार के भूमि की बंदरबांट और लीपापोती की जा रही है,इससे प्रशासन भी अब अनभिज्ञ नहीं रहा।
ऐसा ही एक मामला गिरिडीह के डुमरी अंचल अंतर्गत सामने आया है। जिसे लेकर दो प्रार्थियों ने जिले के उपायुक्त को पूरी जानकारी देते हुए अवगत करा दिया है।बता दें कि जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के अरगाघाट निवासी संजू देवी पत्नी स्व.दशरथ साव व तुरी टोला निवासी गनौरी तुरी पुत्र स्व बली तुरी ने उपायुक्त गिरिडीह को अलग अलग आवेदन देकर मौजा इसरी के खाता संख्या 01 प्लॉट 755 एवं 756 की जमीन एवं
उक्त जमीन से सटे गैरमजरुवा भूमि को भूमाफियाओं से बचाने की अपील की है।उक्त दोनों व्यक्तियों ने पत्र में लिखा है कि उक्त खाता प्लॉट के जमीन से सटे ही खाली जमीन में श्मशान घाट है और विभिन्न प्रकार के पेड़ लगे हुए हैं।लिखा है कि जमीन गैरमजरूवा खास व जंगल झाड़ी तथा श्मशान घाट है और उनके पूर्वज के नाम रैयती बंदोबस्त है, जिस पर उनका दखल चला आ रहा है, लेकिन इसरी बाजार एवं डुमरी के कुछ दबंग किस्म के लोग और भूमाफिया जमीन हड़पने के दृष्टिकोण से विभिन्न प्रकार के हथकंडे अपना रहे हैं।
आवेदन में लिखा है कि साथ ही हम दोनों को जान मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे हमारे परिवार के सदस्य भयभीत हैं।आवेदन पत्र में दोनों ने लिखा है कि उक्त जमीन को हड़प कर उनलोगों द्वारा बांग्लादेशी रोहिंग्या को बसाने के लिए भूमि की बिक्री करने की योजना है, जो भविष्य में हम सभी एवं क्षेत्र के लिए एक खतरा है। बता दें कि कार्यपालक दंडाधिकारी डुमरी ने अपने पत्रांक संख्या 286/12-12-2022 द्वारा सीओ डुमरी व थाना प्रभारी निमियाघाट को आदेश पत्र प्रेषित कर मौजा इसरी के खाता संख्या 01 प्लॉट 755 एवं 756 में चल रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाते हुए उक्त जमीन पर दप्रवि 144 की कार्यवाही हेतु जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दे चुके हैं।ज्ञातव्य हो कि उक्त जमीन के सटे ही करीब 11 डीसमील की गैरमजरूवा जमीन है। जिस पर क्षेत्र के कतिपय जमीन दलाल अपनी नजर गड़ाए हुए हैं और लगभग 20 डी जमीन को बेचने की पूरी जुगाड़ में हैं।अब मामले की प्रामाणिकता जिला प्रशासन द्वारा त्वरित जांच पड़ताल किए जाने के बाद ही आने की संभावना है। फिलवक्त यहां के लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर गड़ाए हुए हैं।





