सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सहारनपुर दौरे के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की दुर्दशा के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है।

किसानों और युवाओं के लिए बड़े ऐलान

  • गन्ना भुगतान: सपा सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों को बेहतर बीज, सस्ते कीटनाशक, आधुनिक प्रशिक्षण और फसल का सही मूल्य देने का वादा किया।
  • अग्निवीर योजना खत्म: युवाओं के भविष्य का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अग्निवीर व्यवस्था को खत्म कर सेना में स्थायी और पक्की भर्ती व्यवस्था बहाल की जाएगी।
  • खेल ढांचा: सहारनपुर में स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जरूरत के अनुसार 'स्पोर्ट्स सिटी' विकसित की जाएगी।

स्थानीय उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और नोटबंदी पर तंज

  • वुड कार्विंग उद्योग: विश्व प्रसिद्ध लकड़ी नक्काशी उद्योग और कारीगरों के लिए विशेष प्रशिक्षण, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सब्सिडी देने की घोषणा की।
  • इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल: जल जीवन मिशन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि टंकियां और पाइप तो लग गए हैं लेकिन पानी गायब है। एक्सप्रेसवे की खराब गुणवत्ता और सड़कों के गड्ढों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया।
  • बैंकिंग और करेंसी चेस्ट: सहारनपुर बैंक करेंसी चेस्ट से मिले नकली नोटों का जिक्र करते हुए नोटबंदी को पूरी तरह विफल बताया और कहा कि काले धन पर रोक का दावा करने वाली सरकार के दौर में अब बैंकिंग सिस्टम के भीतर नकली नोट मिल रहे हैं।

आरक्षण और सामाजिक न्याय पर रुख अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि आरक्षण का अधिकार सुरक्षित था, है और हमेशा रहेगा। जातीय जनगणना की पुरजोर वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को हक और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार आने पर सहारनपुर की स्थानीय जरूरतों के अनुसार विशेष विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।