प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सांसद विद्युत वरण महतो ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उन्हें कुछ प्रमुख रेल मांगों से अवगत कराया। इस दौरान पूर्व की मांगों के संबंध में अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली। सबसे पहले सांसद ने टाटानगर से बक्सर के लिए नई रेल सेवा प्रारंभ करने की अपनी वर्षों पुरानी मांग को उनके समक्ष रखा। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री को जमशेदपुर क्षेत्र के लोगों की प्रमुख मांग से अवगत भी कराया। वहीं तत्काल रेल मंत्री ने रेलवे के तीन से चार वरिष्ठ अधिकारियों को तलब कर जानना चाहा कि अब तक इस दिशा में क्यों विलंब हो रहा है। जिसपर अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि वे लोग इसके कार्य योजना में लगे हुए हैं और जल्द ही इस ट्रेन सेवा की सुविधा शुरू होने की संभावना है।





इसके अलावा सांसद ने टाटा एर्नाकुलम ट्रेन सेवा को नियमित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि टाटा एलेप्पी एक्सप्रेस के टाटानगर स्टेशन से नियमित रूप से चलने पर बड़ी संख्या में सवारी भी उपलब्ध होती है। मगर अब उन्हें काफी परेशानी हो रही है। जिसको देखते हुए इस ट्रेन को नियमित करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने शालीमार गोरखपुर ट्रेन सेवा को सप्ताह में दो दिन करने की मांग भी की है। इसी तरह टाटा से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि इस मांग को पूरा करने में समय लगता है तो तब तक के लिए हावड़ा जयपुर या हावड़ा जोधपुर ट्रेन को वाया टाटानगर चलाया जाय। जबकि सांसद ने टाटा से जयनगर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का अपना पुराना प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखा। जिसका विकल्प उन्होंने सुझाते हुए कहा कि पूरी जयनगर एक्सप्रेस को सप्ताह में 2 से 3 दिन टाटानगर होकर चलाया जाय। इससे उत्तर बिहार जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। वहीं रेल मंत्री ने सांसद विद्युत वरण महतो के सभी सुझाव को सुनने के बाद सकारात्मक पहल करने का आश्वासन भी दिया है।