पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।विश्वकर्मा भवन पुलिस लाइन हीरापुर में सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ संबंध भारतीय मजदूर संघ की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रमुख रूप से आईआईटी आईएसएम में कार्य कर रहे सैकड़ों सुरक्षा गार्ड को बिना कारण के नवनियुक्त एजेंसी द्वारा काम से हटाने के संदर्भ में चर्चा की गई।
चर्चा में कहा गया कि सुरक्षा गार्ड एजेंसी के सभी मानकों को पूरा करने में सक्षम है,उन्होंने आईआईटी प्रबंधन,एजेंसी से संपर्क करने का प्रयास किया,लेकिन प्रबंधन एवं एजेंसी के द्वारा किसी भी तरह का संवाद नहीं किया गया। इसके बाद सुरक्षा गार्ड धनबाद के विधायक राज सिन्हा से मिला और अपनी व्यथा बताई। इस पर विधायक ने कहा की ज़रूरत पड़ी तो मैं भी आप लोगों के साथ धरने पर बैठूंगा। सुरक्षा प्रहरी कर्मचारी संघ से जुड़े सभी सुरक्षा गार्ड ने एक स्वर में निर्णय लिया की अगर प्रबंधन हमारी मांगों को नहीं मानती है तो हम लोग आईएसएम गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री धर्मजीत चौधरी भी उपस्थित हुए।धर्मजीत ने कहा की आईआईटी आईएसएम प्रबंधन सुरक्षा गार्ड के साथ नाइंसाफी कर रहा है। जल्द ही उपायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा एवं मंत्रालय में मंत्री से मिलकर उनके समस्याओं को अवगत कराया जाएगा।
धर्मजीत चौधरी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि आईएसएम प्रबंधन कुछ दलालों के संपर्क में है जो प्रबंधन एवं सुरक्षा गार्ड्स को गुमराह कर रहा है और अनावश्यक परेशानी उत्पन्न कर रहा है।प्रबंधन की मनमानी नहीं चलेगी जल्द ही इस पर कठोर निर्णय लिया जाएगा। भारतीय मजदूर संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता सुरक्षा कर्मियों के साथ है।
संघ के महामंत्री प्रभात सिंह ने कहा कि सुरक्षाकर्मी को काम से हटा देने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है,वह अपने परिवार का भरण पोषण कैसे करेंगे यह काफी चिंता का विषय है। उम्र के इस पड़ाव में वह अब कहां काम करेंगे। प्रबंधन से आग्रह किया जाता है कि आप इन सभी सुरक्षाकर्मी को कम पर वापस रखें,ये मानवता भी है।
बैठक में मनोज शाह,गोरख राम, जितेंद्र सिंह, सुशील सिंह, मनदीप कुमार एवं सभी सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे।





