प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सोनारी थाना अंतर्गत ए ब्लॉक इस्ट ले-आउट निवासी संजीव दत्ता ने आदित्यपुर पेब्को मोटर्स के मालिक किशन पारीख, बीमा विभाग के हेड रोहित कुमार, आईसीआईसीआई लोम्बार्ड इंश्योरेंस कंपनी जमशेदपुर के अनुपम कुमार, रांची के परिमल कुमार और रवि कुमार के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है।आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को बनाने के एवज में रुपए की मांग अवैध रूप से की है। साथ ही धमकी देने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू द्वारा कोर्ट में एक शिकायतवाद दाखिल कराया गया था। जिसके बाद मामले में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ज्योत्सना पांडे की अदालत ने सुनवाई के बाद धारा 156 (3) के तहत मामले को सोनारी थाने को आगे की कार्रवाई करने के लिए भेजा है।
भुक्तभोगी संजीव दत्ता ने कहा कि घटना 2 अक्टूबर 2022 की शाम 7.30 बजे की है। घर लौटने के दौरान उनकी मारुति कंपनी की कार संख्या जेएच 05 सीक्यू - 0109 सोनारी खुंटाडीह हड़िया भट्ठी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी थाने में भी जाकर दी। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार की मरम्मत के लिए आदित्यपुर आरआईटी मोड़ स्थित पेब्को मोटर्स के वर्कशॉप में दावा किया। इस दौरान 19 अक्टूबर को पेब्को मोटर्स के कुमार रवि ने व्हाट्सएप मैसेज कर सूचना दी कि दावा सही है। जबकि अनुपम कुमार ने मोबाइल पर बताया कि कार मरम्मत नहीं होना था। मगर मेरे विशेष अनुरोध पर मान्यता दी गई है। साथ ही कहा कि कुछ सेवा कर दीजिएगा। जिसका विरोध करने पर अनुपम ने दावा को खारिज कर दिया। जिसके बाद आरोपी किशन पारीख और रोहित कुमार ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड इंश्योरेंस कंपनी का बीमा पॉलिसी लेने के लिए भी कहा। जिसका फिर से उन्होंने विरोध किया।
मामले में संजीव का कहना है कि कार खरीदते समय उन्होंने 16,798 रुपए का बीमा कराया था और जो 13 अगस्त 2023 तक मान्य है। जिससे कार बनने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए थी। मगर अब आरोपी उनके साथ गाली-गलौज कर वर्कशॉप से कार हटाने के लिए दबाव भी बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





