नई दिल्ली / लखनऊ:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की आहट के बीच राज्य का राजनीतिक पारा अचानक चरम पर पहुँच गया है। उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख ओबीसी चेहरे और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस हाई-प्रोफाइल बैठक के दौरान कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुलाकात के तुरंत बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने औपचारिक रूप से अपनी पार्टी के 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन में शामिल होने का ऐलान कर दिया।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली में AAP को झटका: मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने थामा कांग्रेस का हाथ, केजरीवाल पर साधा निशाना

'दलितों-पिछड़ों की आवाज़ उठा रहे हैं राहुल गांधी'

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करना ही उनका प्राथमिक ध्येय है। उन्होंने कहा:

"राहुल गांधी लगातार देश में दलितों, शोषितों और पिछड़ों के अधिकारों की आवाज़ मुखरता से उठा रहे हैं। हमारी विचारधारा कांग्रेस के साथ पूरी तरह मेल खाती है। इसी सोच के साथ हमने 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा बनने और कांग्रेस के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।"

इसी कड़ी में राष्ट्रीय समानता दल के अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसके बाद उनके भी इस गठबंधन में शामिल होने की चर्चाएँ तेज़ हो गई हैं।

इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी ने लॉन्च की 'सत्याग्रह' वेबसाइट, एकजुट होंगी देश भर की आवाज़ें

यूपी के सियासी समीकरणों पर गहरा प्रभाव

स्वामी प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश की राजनीति के एक स्थापित और बहुचर्चित जनाधार वाले नेता रहे हैं। जनता दल से अपना करियर शुरू करने वाले मौर्य बसपा और भाजपा दोनों सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2022 के चुनाव से ठीक पहले उन्होंने सपा का दामन थामा था, और हाल ही में मतभेदों के बाद अपनी नई पार्टी 'राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी' का गठन किया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के 'इंडिया' गठबंधन में आने से उत्तर प्रदेश में गैर-यादव ओबीसी (विशेषकर मौर्य, कुशवाहा, शाक्य, सैनी) और दलित वोट बैंक को लामबंद करने में कांग्रेस और गठबंधन को एक बड़ी रणनीतिक मजबूती मिलेगी।

#SwamiPrasadMaurya #RahulGandhi #Congress #INDIAAlliance #UPPolitics #UPAssemblyElections #CastePolitics #OBCVoteBank #BreakingNews

#स्वामी_प्रसाद_मौर्य #राहुल_गांधी #कांग्रेस #इंडिया_गठबंधन #यूपी_राजनीति #यूपी_चुनाव #ओबीसी_राजनीति #बड़ी_खबर