प्रतिनिधि,जमशेदपुर। 11 से 17 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। वहीं सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त विजया जाधव ने बुधवार समाहरणालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि लोगों को दो पहिया चलाने के दौरान हेलमेट और कार सावरों को सीट बेल्ट का इस्तेमाल, ड्राइविंग के समय मोबाइल इस्तेमाल ना करने, गति सीमा, वाहन के फिटनेस जैसे जरूरी पहलुओं को लेकर जागरूक किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य जिलेवासियों को यातायात के नियमों से अवगत कराना है। जिससे जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। साथ ही घायल व्यक्ति की मदद करना एवं मददगार को दी जाने वाली प्रोत्साहन के सम्बंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा। ताकि दुर्घटना में जनहानि न हो।
उन्होंने कहा कि आमजनों समेत छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत रन फॉर सेफ्टी, जागरूकता रैली, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से सम्बंधित सेमिनार में क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, बड़े वाहनों के चालकों के आंख एवं स्वास्थ्य की जांच आदि आयोजित किया जाएगा।





