प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कोरोना महामारी के लगभग दो वर्षों बाद एक बार फिर से टाटा स्टील द्वारा भव्य तरीके से 184वीं संस्थापक दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। शहर के रोड रास्तों से लेकर सभी पार्को में भी आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है।प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 3 मार्च जमशेदपुर शहर के संस्थापक जमशेदजी नौशेरवानजी टाटा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।





इस बार के संस्थापक दिवस का थीम टारगेटिंग जीरो ग्रीन विजनरी होगा। प्रत्येक साल टाटा स्टील टाटा समूह की अन्य कंपनियों के साथ मिलकर अपने संस्थापक की जयंती और सामाजिक कल्याण के साथ-साथ औद्योगिक भविष्य की दृष्टि को समर्पित करता है। उक्त बातें बिस्टुपुर स्थित यूनाइटेड क्लब दरबार हॉल में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी ने कही।





मौके पर टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा, सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा, टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से रुना राजीव कुमार और टाटा स्टील यूआईएसएल कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से सुकन्या दास समेत अन्य मौजूद थे।





इस दौरान चाणक्य चौधरी ने बताया कि इस साल वे सब पर्यावरण को बचाने की थीम पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि संस्थापक दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि चेयरमैन एन चंद्रशेखरन 2 मार्च को शहर पहुंचेंगे। जिसके बाद वे उसी दिन शाम को जुबली पार्क में जेएन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए बटन दबाकर विद्युत सज्जा का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 3 मार्च संस्थापक दिवस पर टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट के अंदर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल भी होंगे। साथ ही उनके कर कमलों द्वारा जुबली पार्क में लगे अग्नि स्टील स्ट्रक्चर को भी समर्पित किया जाएगा।





इसके अलावा शहर के लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए बिष्टुपुर सीएच एरिया से मरीन ड्राइव के बीच नेचर ट्रेल का निर्माण किया गया है। जबकि कीनन स्टेडियम के पास कोरोना वारियर्स की थीम पर बना पार्क आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इस बार के संस्थापक दिवस पर कंपनी के कर्मचारियों लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी रहेगी। जिससे वे घर या प्लांट में बैठे-बैठे ही संस्थापक दिवस का लाइव प्रसारण देख सकेंगे। इस बार संस्थापक दिवस पर सड़कों से लेकर शहर के मुख्य गोल चक्कर भी आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाते नजर आएंगे। जिसके तहत कदमा सोनारी लिंक रोड, सीएच चेरिया मुख्य सड़क, टिनप्लेट रोड और एग्रीको रोड पर जबरदस्त लाइटिंग की जा रही है।इसके साथ ही शहर के सभी पार्क में भी लाइटिंग की जाएगी और जो मध्य रात्रि 12 बजे तक जगमगाते हुए नजर आएगी। वहीं जुबली पार्क में 5 मार्च तक ही लोग लाइटिंग का आनंद ले सकेंग। जिसके बाद से 7 मार्च तक पार्क बंद रहेगा। वहीं रात्रि 10 से 11 बजे तक लोग जुबली पार्क में अपने वाहन से रंग बिरंगे आकर्षक विद्युत सज्जा देखने जा सकेंगे।





इस मौके पर शहर के 30 प्रमुख स्थलों जिसमें हेरिटेज बिल्डिंगे पूजा घर और प्रमुख चौराहे शामिल है, पर भी विद्युत सज्जा की जाएगी। जबकि जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांपलेक्स में विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। चेयरमैन एन चंद्रशेखरन प्लांट के साथ-साथ बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में भी संस्थापक जेएन टाटा को श्रद्धांजलि देंगे।