प्रतिनिधि,जमशेदपुर। विगत 9 अक्टूबर 2022 को साकची थाना अंतर्गत राजेंद्र नगर निवासी अजय मोदी के घर से 2.10 करोड़ की हुई चोरी मामले का मंगलवार पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी प्रभात कुमार ने खुलासा करते हुए कहा कि घटना की साजिश खुद अजय मोदी के भाई ने ही रची थी। साथ ही घटना को अंजाम देने के लिए पांच पेशेवर बदमाशों का भी सहयोग लिया था। पुलिस ने मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में वादी अजय मोदी का सगा भाई शैलेश मोदी, आजादनगर ओल्ड पुरूलिया रोड निवासी परवेज आलम अंसारी, जुगसलाई गरीब नवाज कॉलोनी निवासी रहमतुल्लाह उर्फ बुटकू अंसारी, मानगो रोड नंबर 7 मदीना अपार्टमेंट निवासी मो. अफरोज, बागबेड़ा बजरंग टेकरी गांधीनगर निवासी निरंजन गौड़ और मानगो आजादनगर ओल्ड पुरूलिया रोड नंबर 13 का रहने वाला शेख इस्राफील शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नकद 7.70 लाख रुपए, 6 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त लोहे का कटर, बड़ा सबबल, छोटा सबबल, बांस की सीढ़ी, चोरी के पैसों से खरीदी वाशिंग मशीन, वाटर प्यूरीफायर, रेफ्रीजरेटर, टीवी, हुंदई सेंट्रो कार, बाइक, चांदी का सिक्का, बर्तन और पूजा का सामान बरामद किया है।
वार्ता के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि चोरों ने 3 से 4 दिनों तक लगातार 2.10 करोड़ की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद चोरी किए हुए पैसों से सभी आरोपी ने अपने-अपने हिसाब से सामान की खरीदारी भी की थी। इस दौरान किसी ने कार खरीदी तो किसी ने टीवी और फ्रीज भी खरीदा। साथ ही किसी ने बाइक तो किसी ने वाशिंग मशीन और टीवी की खरीदारी भी की। जबकि कुछ आरोपी जुआ खेलकर रुपए भी हार गए। जिसके कारण सिर्फ 7.70 लाख रुपए नगद ही पुलिस के हाथ आए। वहीं लगभग डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य के चोरी हुए गहनों की बरामदगी का पुलिस प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगा है और जिसके आधार पर वह काम कर रही है। जबकि मामले में बहरागोड़ा में रहने वाले नौकर का नाम घटना के बाद से आ रहा था। साथ ही उसके खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया था। मगर एसएसपी ने साफ कहा कि चोरी की घटना में उसका कोई हाथ नहीं है।
एसएसपी ने कहा कि भुक्तभोगी अजय मोदी की अपने भाई शैलेश मोदी से नहीं बनती थी। साथ ही बंटवारा को लेकर दोनों के बीच पहले से ही विवाद चला रहा था। दोनों भले ही एक ही मकान में रहते थे। लेकिन दोनों के बीच दूरी बनी हुई थी। अजय मोदी के सभी गतिविधियों से शैलेश वाकिफ था। उन्हें यह भी पता था कि घर में कहां जेवर रखे हुए हैं और कहां पर नकदी है। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामले के उद्भेदन के लिए बनी टीम में एएसपी शुभांशु जैन, साकची थाना प्रभारी संजय कुमार, सुंदरनगर थाना प्रभारी अनुज कुमार, एसआई अमित कुमार सिंह, दीपक कुमार मौर्य, योगेश यादव, अमित कुमार खन्ना, कामता कुमार, विरेंद्र कुमार, सुखसागर सिंह चौधरी, एएसआई नरेंद्र बिहारी सिंह, दिल बहार सिंह समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।





