प्रतिनिधि,लातेहार। लातेहार आपकी योजना,आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में भाग लेने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 27 दिसंबर को लातेहार पहुंचेंगे। लातेहार सदर प्रखंड के कुंदरी गांव में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आम लोगों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन रेस है।





दरअसल लातेहार सदर प्रखंड के कुंदरी गांव में 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आगमन सुनिश्चित हुआ है। आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भाग लेंगे और आम लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा लगभग 400 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। वहीं आम लोगों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी पूरे जोर शोर से चल रही है। मंच और पंडाल बनाने का कार्य अंतिम चरण में है। यहां लगभग 5 हजार से अधिक लोगों को बैठने की व्यवस्था की जा रही है।





डीसी ने की ग्रामीणों से अपील





जानकारी देते हुए लातेहार डीसी हिमांशु मोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन 27 दिसंबर को लातेहार के कुंदरी गांव में होगा।कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में है। डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री के द्वारा लोगों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया जाना है। वहीं कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी होगा। ग्रामीणों के बीच वन पट्टा भी वितरित किया जाएगा। डीसी ने आम लोगों से अपील की है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ उठाएं। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान करने की व्यवस्था की गई है।





जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर की दूरी पर है कार्यक्रम स्थल





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कार्यक्रम जहां होगा वह स्थल लातेहार जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।कुंदरी गांव लातेहार सदर प्रखंड का बॉर्डर क्षेत्र है। यहां से बालूमाथ और हेरहंज प्रखंड की दूरी काफी कम है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सदर प्रखंड के अलावा बालूमाथ और हेरहंज प्रखंड से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां उपस्थित होंगे।





इधर कार्यक्रम को लेकर स्थानीय विधायक बैद्यनाथ राम, झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण दुबे समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया।