प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में शुक्रवार की संध्या हॉर्टिकल्चर सोसायटी जमशेदपुर द्वारा आयोजित 32वें पुष्प प्रदर्शनी का कोल्हान आयुक्त मनोज कुमार ने फीता काटकर विधिवत रूप से उद्घाटन किया।इस दौरान हॉर्टिकल्चर सोसाइटी की चेयर पर्सन रुचि नरेंद्रन, सेक्रेटरी सुमिता नूपुर, टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी समेत अन्य उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद कोल्हान आयुक्त मनोज कुमार ने फूलों की सुंदरता को भी देखा।





मौके पर मौजूद फूल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कोल्हान आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि टाटा इतना खुशहाल जगह क्यों है, इसका राज अब पता चला है। टाटा स्टील कंपनी अपने शहर की हरियाली के लिए हर साल लाखों पेड़ लगाती है। साथ ही शहर वासियों के लिए समय-समय पर पुष्प प्रदर्शनी समेत अन्य इवेंट भी अरेंज करती है। ताकि यहां के लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाई जा सके। चंद मिनट या चंद घंटे फूलों की देखभाल करने में एक सुखद आनंद आता है।





उन्होंने कहा कि फूलों के साथ साथ हॉर्टिकल्चरल सोसायटी जमशेदपुर रॉयल जेल हनी का भी उत्पादन करें और जो सोने पर सुहागा होगा। हनी शरीर के लिए काफी महत्वपूर्ण है। हरियाली से जैसे टाटा शहर के लोगों को लंग्स प्रदान करती हैं। शहर के लोग अपनी बालकनी, छत और आंगन में सुंदर फूलों की सजावट कर उसका आनंद ले सकते हैं।





इस दौरान उन्होंने एक बार पुनः पुष्प प्रदर्शनी में आने की बात भी कही। वहीं टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी ने कहा कि शहर की हरियाली के लिए कंपनी हर साल पौधारोपण करती है और जिसमें 1 लाख पेड़ लगाए जाते हैं। ताकि शहर और इसके आसपास हरियाली बनी रहे। साथ ही कंपनी समय-समय पर शहरी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुविधा मुहैया कराती है।





कार्यक्रम में मंच का संचालन टाटा स्टील यूआईएसएल कॉरपोरेट कम्युनिकेशन की सुकन्या दास ने किया। इस दौरान हॉर्टिकल्चर सोसायटी जमशेदपुर के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।