प्रतिनिधि,साहिबगंज। 7 वर्ष 2 माह पहले अपनी माता से ट्रेन में जाने के वक्त बिछड़ गया सनी उर्फ संदीप आज अपने जैविक माता-पिता से मिला। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी और बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉक्टर सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों हम लोगों ने दोनों परिवार को बाल कल्याण समिति कार्यालय में एकत्रित कर बच्चे की पहचान करा ली थी, तत्पश्चात सारी प्रक्रियाओं को पूर्ण किया गया।





बताया गया कि इस कार्य में मिसिंग पोर्टल ऑफ इंडिया, बाल कल्याण समिति, जमुई बाल संरक्षण इकाई जमुई और पटना, पटना सिटी के वार्ड पार्षद बलराम चौधरी, मिरेकल फाउंडेशन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का संपूर्ण सहयोग मिला। उपायुक्त ने बताया कि आने वाले एक वर्ष तक इस बालक का फॉलोअप किया जाता रहेगा और किसी भी समस्या के उत्पन्न होने की स्थिति में इसे संपूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी। बालक सातवीं कक्षा तक शिक्षित है और वहां जमुई में उसका आठवीं कक्षा में नामांकन कराया जाएगा।





इस बीच गुरुवार को उपायुक्त राम निवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से बालक को कई आवश्यक सामग्री प्रदान करते हुए उसके जैविक माता-पिता को सौंप दिया। वहीं उपायुक्त के हाथों बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई ने सनी को बैग, शिक्षा सामग्री, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की सामग्री भी सौंपी।





उपायुक्त राम निवास यादव ने बच्चे के परिवार वालों को कहा कि आप इसकी देखभाल अच्छे से करें। उसके शिक्षा-दीक्षा की व्यवस्था करें, यदि इसमें किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत है तो आप यहां के बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति से संपर्क करें। उन्होंने बच्चे को आने वाली भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा एक बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवा ना सबसे पुण्य का कार्य है। इतने वर्षों के बाद अपने बच्चे को पाकर उसकी मां संजू देवी और पिता कृष्णा दास भावुक थे। साथ ही विगत 07 वर्षों तक उसका अपने बच्चे के समान देखभाल करने वाले नारायण गुप्ता और उनका परिवार भी काफी भावुक था।





इस अवसर पर समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन गुप्ता ने भी बच्चे को शुभकामनाएं दी और कहा एक अच्छा नागरिक बनकर एक उदाहरण प्रस्तुत करें।