बिहार : बिहार की राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के खिलाफ बेहद कड़ा कदम उठाते हुए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। दोनों को छह साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानों पर गिरी गाज

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा द्वारा शनिवार को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई पार्टी के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के प्रति अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और विधान परिषद चुनाव में आधिकारिक पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध काम करने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद की गई है।

हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच राजनीतिक तल्खी खुलकर सामने आई थी। पार्टी का गंभीर आरोप है कि अनंत सिंह ने न सिर्फ जदयू उम्मीदवार के विरोध में प्रचार किया, बल्कि खुलेआम दूसरे दल यानी जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार के पक्ष में समर्थन जुटाया था। इसी बगावती तेवर के चलते पार्टी ने यह सख्त निर्णय लिया है।

इसे भी पढ़ेंः अभिजीत दीपके का INDI गठबंधन को समर्थन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज!

विधानसभा सदस्यता खत्म करने की अनुशंसा

निष्कासन की इस कार्रवाई के साथ ही जदयू ने मोकामा विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष के आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पार्टी ने भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची (दलबदल विरोधी कानून) के तहत अनंत सिंह की सदस्यता को अविलंब समाप्त करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से औपचारिक अनुशंसा कर दी है।

इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बाद से राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधानसभा अध्यक्ष इस अनुशंसा पर क्या कदम उठाते हैं और बाहुबली विधायक अनंत सिंह का अगला राजनीतिक दांव क्या होगा।

#BiharPolitics #JDU #AnantSingh #Mokama #BiharNews #NitishKumar #JannSuraj #PoliticalNews #BiharElections