रांची।कोलकाता में गिरफ्तार झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार के राजधानी रांची स्थित घर और ऑफिस व तुपुदाना में भाई की राइस मिल पर कोलकाता पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार शाम एक साथ छापेमारी की।इस दौरान स्थानीय पुलिस भी साथ थी।राजीव कुमार के आवास और ऑफिस से कई दस्तावेज जब्त किए गए।लगभग तीन बजे शुरू छापेमारी रात लगभग 11.25 बजे समाप्त हुई।





क्राइम ब्रांच की टीम गुरुवार शाम तीन बजे राजीव के अरगोड़ा इलाके के गौरी शंकर नगर में घर पर पहुंची।छापेमारी के दौरान टीम ने घर और ऑफिस से वकील का मोबाइल,आईपैड,बैंक पासबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए है।टीम ने घर के सदस्यों को एक जगह बैठा कर बारी-बारी से कमरों की तलाशी ली।घर में ही बने अधिवक्ता के ऑफिस में रखे दस्तावेज को खंगाला।इसके बाद टीम ने मुकदमे से जुड़े दस्तावेज की जांच करने के बाद उन्हें जब्त कर लिया।





तुपुदाना में भाई की राइस मिल पर भी दी गई दबिश





क्राइम ब्रांच की टीम ने वकील के छोटे भाई अनीश के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित शाकंभरी राइस मिल पर छापेमारी की।टीम राइस मिल में रखे कंप्यूटर और फाइलों को देर रात तक खंगालती रही।इस दौरान टीम को कई अहम जानकारी भी मिली है।टीम को राइस मिल से ही कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं जो वकील के मुकदमे से जुड़े हैं।





वकील ने चार करोड़ रुपए वसूलने की कबूली बात





राजीव कुमार से सीआईडी टीम लगातार पूछताछ कर रही है। सीआईडी के अनुसार पूछताछ में वकील ने बताया कि उसकी बेटी की शादी एक आईएएस से तय हुई है।उन्होंने शादी के लिए कोलकाता के एक व्यवसायी से केस मैनेज करने के एवज में चार करोड़ मांगने की बात भी कबूली है। जब्त रकम उसी डील की राशि है। पुलिस ने राजीव के मोबाइल की भी जांच की। इसके डेटा से कई जानकारी मिली है। पुलिस आशंका है कि वकील ने और कई अन्य से भी वसूली की होगी।