जमशेदपुर।झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मैट्रिक की परीक्षा में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित श्रीरामकृष्ण मिशन हाईस्कूल के अभिजीत शर्मा को झारखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल हुआ है।अभिजीत को 490 अंक हासिल हुए हैं।झारखंड टॉपर बनने के बाद अभिजीत ने कहा कि उन्हें ये भरोसा था कि वे अच्छे अंकों से मैट्रिक की परीक्षा पास करेंगे,लेकिन ये नहीं सोचा था कि झारखंड टॉपर बनेंगे। वे सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं।





आपको बता दें कि अभिजीत के पिता अखिलेश शर्मा झोला लेकर घर-घर कुर्सी बनाने का काम करते हैं।अपनी उपलब्धि से अभिजीत ने पिता का नाम रोशन किया है।





सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है सपना





मैट्रिक टॉपर अभिजीत शर्मा ने कहा कि पहली क्लास से लेकर आज तक कभी भी सेकेंड डिवीजन से पास नहीं हुए।वे भविष्य में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। अभिजीत ने कहा कि इस परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन आठ घंटे तक पढ़ाई करते थे।इसमें छह घंटे नयी चीजें पढ़ते थे और एक घंटे पुरानी चीजों का रिवीजन करते थे,जबकि एक घंटे पढ़ी हुई चीजों को लिखने की प्रैक्टिस करते थे।अभिजीत ने कहा कि कर्ज लेकर पिता अखिलेश शर्मा उन्हें पढ़ा रहे हैं।जमशेदपुर के ही बाल्डविन फॉर्म एरिया स्कूल कदमा में 11वीं में इन्होंने साइंस में एडमिशन करवाया है।





शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने मंगलवार को जैक बोर्ड मैट्रिक और इंटर साइंस का परिणाम जारी किया।मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होने के लिए 3,99,920 विद्यार्थियों ने आवेदन दिया था।इसमें 3,91,100 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 3,73,892 विद्यार्थी पास हुए हैं।प्रथम श्रेणी से 2,25,854, द्वितीय श्रेणी से 1,24,514 और तृतीय श्रेणी से 23,524 विद्यार्थी पास हुए।