दुमका।झारखंड के दुमका में अंकिता की हत्या को लेकर चारों तरफ से घिर चुकी झारखंड पुलिस अब एक्शन मोड में आती हुई नजर आ रही है।दुमका पुलिस ने अंकिता के दूसरे गुनहगार नईम उर्फ छोटू खान को धरदबोचा है।एसपी अंबर लकरा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को दुमका कोर्ट में पेश किया गया और अब जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी शाहरुख को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आपको बता दें कि 23 अगस्त को एकतरफा प्यार में शाहरुख ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
शाहरुख ने खिड़की से पेट्रोल छिड़क कर अंकिता को आग लगा दी थी। 95 फीसदी जल चुकी अंकिता ने मजिस्ट्रेट को दिए बयान में छोटू का भी नाम लिया था। अंकिता ने बताया था कि शाहरुख और छोटू ने उस पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। अंकिता ने रिम्स में इलाज के दौरान शनिवार रात दम तोड़ दिया।
अंकिता की मौत के बाद से दुमका के लोगों में आक्रोश है। बजरंग दल, विहिप और भाजपा महिला मोर्चा ने मौत के विरोध में रविवार और सोमवार को दुमका बंद कराया।राज्य के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आक्रोशित लोगों की मांग है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करा कर हत्यारोपी को फांसी की सजा दिलाई जाए। लोगों के आक्रोश और जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सदर एसडीओ ने धारा 144 के तहत दुमका में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा है कि यह हृदय विदारक है।ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।सीएम सोरेन ने अंकिता के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा के साथ ही घृणित घटना का फास्ट ट्रैक से जांच का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक को भी उक्त मामले में एडीजी रैंक अधिकारी से जांच की प्रगति पर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है।





