दुमका।झारखंड के दुमका में पेट्रोल से जला कर मार दी गई अंकिता सिंह की हत्या करने वाले का केस जिले का कोई भी वकील नहीं लड़ेगा।गुरुवार को दुमका जिला बार एसोसिएशन की बैठक में ये फैसला किया गया।बैठक में पूरी घटना की कड़ी निंदा की गई और इस घटना में शामिल शाहरुख और नईम के पक्ष में केस नहीं लड़ने का निर्णय लिया गया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय की अध्यक्षता में हुई बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
एसोसिएशन के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि प्रस्ताव पारित कर छात्रा हत्याकांड की निंदा की गई और निर्णय लिया गया कि मामले के आरोपियों का केस एसोसिएशन का कोई सदस्य नहीं लेगा। आरोपियों के पक्ष में कोई वकील केस में पैरवी नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि तीन सितंबर को दिन के तीन बजे शोक सभा कर दुमका की बेटी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमल किशोर झा, संयुक्त सचिव सोमनाथ डे, कोषाध्यक्ष विमलेंदु कुमार राजकुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।
7 दिन में कोर्ट में चार्जशीट करने की तैयारी में एसआईटी
अंकिता सिंह हत्या के मामले में पुलिस 7 दिन के अंदर अनुसंधान पूरा कर कोर्ट में चार्जशीट जमा करने की तैयारी में जुटी हुई है। कांड के त्वरित अनुसंधान के लिए गठित एसआईटी हत्या का साक्ष्य जुटाने के लिए दिन-रात काम कर रही है।अंकिता की हत्या में गिरफ्तार दोनो आरोपी शाहरुख और नईम उर्फ छोटू को 72 घंटे के रिमांड पर लेकर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।इस बीच अंकिता के घर से जब्त किए गए नमूनों की फोरेंसिक लेबोरेट्री में जांच के लिए अदालत से अनुमति ली गई। फोरेंसिक जांच के लिए नमूना रांची भेज दिया गया है। दो से तीन दिनों के अंदर फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने की उम्मीद है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चार्जशीट के साथ फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट भी जमा किया जाना है।
कोर्ट में पेश होगा पेट्रोल खरीदने का सीसीटीवी फुटेज
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अंकिता सिंह को जलाने के लिए शाहरुख और नईम ने 22 अगस्त को पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा था।एसआईटी ने न केवल उस पेट्रोल पंप पता लगा लिया है बल्कि साक्ष्य के तौर पर आरोपी का पेट्रोल खरीदने का सीसीटीवी फुटेज भी हासिल कर लिया है।इस फुटेज में शाहरुख बोतल में पेट्रोल खरीदते हुए दिख रहा है। पुलिस इस सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर कोर्ट में जमा करने वाली है।
एक माह के अंदर सुनाई जा सकती है सजा
अंकिता सिंह की हत्या की जांच कर रही एसआईटी के सूत्रों के अनुसार पुलिस की ये तैयारी है कि 7 दिन के अंदर स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी जाए। हाईकोर्ट भी इस केस की मॉनिटरिंग कर रहा है। समय पर पुलिस अगर चर्जशीट जमा कर देती है तो स्पेशल कोर्ट में स्पीडी ट्रायल चला कर एक महीने के अंदर इस मामले में सजा सुनाई जा सकती है। दुमका में कुछ वर्ष पहले दुष्कर्म और हत्या के एक केस में एक महीने के अंदर दोषी को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है।
.





