प्रतिनिधि,गोला। गोला प्रखंड क्षेत्र के गोला,सोसोकलां, चाड़ी, बंदा, मुरपा, हुप्पू, खोखा, कुसुमडीह, तिरला, जांगी, मगनपुर, बेटूल, संग्रामपुर, बरियातु,साड़म, इत्यादि गांवों में इंसानियत और भाईचारे का पर्व ईदुल फितर का त्यौहार शनिवर को उत्साहपूर्ण माहौल के साथ मनाया गया। ईद को लेकर सभी ईदगाह मैदान और मस्जिदों को सजाया गया था। सभी जगहों में नमाज के लिए निर्धारित समय मुकर्रर की गई थी। गांव के ईमाम ने ईद की नमाज पढ़ाई।पूरे अकीदत के साथ लोगों ने ईद की नमाज अदा किया तथा देश के अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगने के बाद एक-दूसरे से गले मिल ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के पर्व पर लोग अहले सुबह से ही स्नान के बाद नये कपड़े पहन तैयार होकर नमाज अदा करने ईदगाह व मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। इसमें बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।नमाज अदा करने के बाद बच्चों ने घरों में बने पकवान और सेवइयों, लजीज व्यंजनों का लोगों ने लुत्फ उठाया। पकवान और दावत के लिए मित्रों और शुभचिंतकों के साथ रिश्तेदारों को न्योता दिया। इसके बाद लोग एक दूसरे के घर भी पहुंचे और सेवई खाकर ईद की मुबारकबाद भी दी। इसके पहले शुक्रवार शाम चांद के दीदार होते ही फिजाओं में ईद मुबारक, ईद मुबारक की सदायें गूंजने लगीं।चांद होने की घोषणा होते ही युवाओं के साथ बच्चों ने जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया।लोगों के मोबाइल फोन पर बधाई व संदेशों का सिलसिला चलते रहा।





