प्रतिनिधि, बासुकीनाथ। अगहन ( मार्गशीर्ष ) पूर्णिमा मंगलवार के दिन बाबा बासुकीनाथ के फौजदारी दरबार में पूजा अर्चना को लेकर झारखंड के नियमित एवम अन्य राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के बीच जलार्पण किया। प्रातः चार बजे मंदिर का पट खुलने से लेकर संध्या सात बजे तक लगभग साठ हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ मंदिर के गर्भगृह में कतार में लगकर स्पर्श पूजा किया।अगहन पूर्णिमा को लेकर प्रत्येक पूर्णिमा को नियमित रुप से आने वाले दर्जनों श्रद्धालुओं ने बासुकीनाथ के पवित्र शिवगंगा सरोवर में प्रातः काल ही आस्था की डुबकी लगाई और दंड भी दिया।वर्ष 2023 के अंतिम पूर्णिमा में बाहर से आए श्रद्धालुओं ने कई धार्मिक संस्कारों को संपन्न कराया और बाबा बासुकीनाथ से अपने अपने परिजनों के सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।श्रद्धालुओं के हजारों की संख्या में आने से बासुकीनाथ बाजार भी गुलजार रहा।चूड़ी गली,नागनाथ चौक,नगर पंचायत कार्यालय रोड,सब्जी मार्केट,पेड़ा गली एवम अन्य खानपान प्रतिष्ठानों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।