रांची।अग्निपथ को लेकर एक तरफ जहां झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है तो वहीं राज्य के एक अन्य कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने यहां तक कह दिया है कि देश खून से लथपथ होगा,लेकिन अग्निपथ को नहीं लागू करने देंगे।वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस विधायक ने पूछा कि उन्होंने गलत क्या कहा देश जल रहा है।





कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आठ साल में रोजगार न देने और देश बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई नौकरी रोजगार नहीं दिया।आज आपने देश को बेच दिया। रेल बेचा, हवाई जहाज बेचा, कल कारखाने बेच दिया। आज आप देश की सेना को बेचने जा रहे हैं। इसका आक्रोश युवाओं में है। युवा सड़क पर है। देश होगा खून से लथपथ, लेकिन हम होने नहीं देंगे यह अग्निपथ। पहले भी अग्निपथ फ्लॉप था इस बार फिर अग्निपथ फ्लॉप होगा।





बाद में एएनआई से बातचीत में कांग्रेस विधायक ने बताया कि उन्होंने यह बयान क्यों दिया।हालांकि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने कुछ गलत कहा है।इरफान ने कहा कि क्या युवा, सैनिक और रिक्रूट अग्निपथ से खुश हैं? नहीं, आज देश जल रहा है। ट्रेन जल रहे हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान हो रहा है। पुलिस युवाओं पर गोली चला रही है। इसलिए मैंने ऐसा कहा। मैंने क्या गलत कहा।





मोदी सरकार से अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं बीजेपी से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने 8 साल में क्या किया। वे लोगों की कल्याण के लिए कौन सी योजनाएं लाए? वह कृषि कानून लेकर आए और सैकड़ों मारे गए। वह अग्निपथ लाए और देश जल रहा है। अच्छा होगा कि वे इसे वापस ले लें।