प्रतिनिधि,चतरा।अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान से अग्निशामक पदाधिकारी ने मुलाकात कर उन्हें अग्निशमन सेवा सप्ताह हेतु स्टिकर और पम्पलेट भेंट किया।
इस आशय की जानकारी देते हुए अग्निशमन पदाधिकारी नरेश सिंह मुंडा ने बताया कि दिनांक 14 अप्रैल सन 1944 में 66 दमकल कर्मी मुम्बई बंदरगाह में मालवाहक आगजनी हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्ही शहीद अग्निशमन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देते हुए 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है तथा 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाता है।
अग्निशमन सेवा सप्ताह का उद्देश्य नागरिकों को अग्निकाण्डों की रोकथाम एवं उससे होने वाली क्षति से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इस सप्ताह के दौरान फायर ब्रिगेड द्वारा विभिन्न संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव संबंधी विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया जाता है।इस दौरान उन्होंने अग्निशमन 24×7 हेल्पलाइन न (चतरा) - 9304953435 एवं कंट्रोल रूम हॉटलाइन न० (रांची) - 112 भी जारी किया।मौके पर प्रधान अग्निक चालक समेत अन्य अग्निशमन कर्मी उपस्थित थे।





