वाराणसी।आध्यात्मिक नगरी काशी के श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में आग से बचाव के लिए अत्याधुनिक फायर उपकरण लगाये गए हैं। इन उपकरणों की एनओसी के लिए चीफ फायर ऑफिसर अनिमेष सिंह को धाम प्रशासन ने पत्र लिखा। एनओसी के लिए होने वाले आवश्यक जांच के बाद ये सभी सिस्टम चालू कर दिए जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को अत्याधुनिक फायर उपकरणों से लैस किया गया है।धाम में एक लाख 45 हजार लीटर का वाटर टैंक लगाया गया है।पूरे परिसर में 96 फायर हाइड्रेंट लगे हैं। जिसमें एक्सटर्नल 41 और इंटरनल 55 फायर हाइड्रेंट और 494 स्मोक डिटेक्टर, 46 हीट डिटेक्टर लगे हैं। इसके अलावा अलग-अलग तरह के करीब 224 फायर एक्सटिंग्विशर भी परिसर में लगे हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम की ओर से एनओसी के लिए पत्र मिला है और जांच के बाद सिस्टम को शुरू कर दिया जाएगा।





