अभी तो नापी है मुट्ठी भर जमीन, सारा आसमान अभी बाकी है:ललिता सरीन
बाल्डविन स्कूल में एनुअल प्राइस नाइट का हुआ आयोजन
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। अभी तो नापी है मुट्ठी भर जमीन, सारा आसमान अभी बाकी है, उक्त बातें कदमा स्थित बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में आयोजित एनुअल प्राइस नाइट में बतौर मुख्य अतिथि ललिता सरीन ने कही। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत छात्राओं ने आकर्षक गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत कर किया। जिसके बाद मुख्य अतिथि समेत अन्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मौके पर मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि अनुराग राय, डायरेक्टर राजीव रंजन सिंहा, स्कूल की प्राचार्या सुभोश्री सरकार, सेक्रेटरी प्रभास कुमार और कोऑर्डिनेटर सचिन कुमार भी मौजूद रहे।
शनिवार की दोपहर 3 बजे से एनुअल प्राइस नाइट का शुभारंभ हुआ। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही स्कूल के उच्च कक्षा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच अतिथियों द्वारा पुरस्कार का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि ललिता सरीन ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी बच्चों ने अपना पहला पड़ाव पार किया है और इससे आगे उन्हें जाना अभी बाकी है। इस दौरान उन्होंने बच्चों को बधाई के साथ-साथ शुभकामनाएं भी दी। वहीं डायरेक्टर राजीव रंजन सिन्हा ने कहा कि स्कूल ने अपना 20 वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है और आगे भी इसी तरह स्कूली बच्चों के भविष्य को उज्जवल करने में भरपूर प्रयास करेंगे।
इस दौरान उपस्थित प्राचार्या सुभोश्री सरकार समेत अन्य अतिथियों ने भी सभा को संबोधित किया। वहीं देर शाम राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक, शिक्षिका और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





