प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में अलग अलग स्थानों में दो युवकों की मौत हो गई,जिसमें पहली घटना बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदर स्वास्थ केंद्र के पास नावाडीह गांव का है। जहां नावाडीह गांव निवासी सुरेश महतो के 20 वर्षिय बेटे चंदन महतो की मौत तालाब में डूबने से हो गई। तालाब भी गांव के बीचो बीच है। घटना की जानकारी के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोग जुटे और युवक चंदन का शव बाहर निकालने में जुट गए। इस दौरान जानकारी मिलने पर बगोदर थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पहुंच कर जांच की।





जानकारी के अनुसार मृतक चंदन महतो मवेशियों को नहलाने के लिए तालाब में गया हुआ था। इस दौरान जब मवेशियों को लेकर तालाब में घुसा तो उसके पैर का चप्पल तालाब के कीचड़ में फंस गया। माना जा रहा है कि तालाब के कीचड़़ में चप्पल फंसने के कारण चंदन तालाब के गहरे पानी में डूबने लगा,जिससे उसकी मौत हो गई।सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी तालाब पहुंचे और किसी तरह उसका शव निकाल कर बगोदर स्वास्थ केंद्र ले गए।जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।





वहीं दूसरी घटना में निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन कुर्मी टोला के पास घटी,जिसमें मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई।इसकी सूचना निमियाघाट थाना व रेलवे पुलिस को दी।सूचना पाकर निमियाघाट थाना प्रभारी साधन कुमार सदलबल एवं रेलवे पुलिस के आरक्षी सुरेशचन्द मीणा, प्रधान आरक्षी आरबीएस यादव घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से इसकी जानकारी लेते हुए निमियाघाट पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गयी।इधर उक्त स्थल पर शव देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।पुलिस को युवक के पास से मोबाइल व कागज में लिखे कुछ नंबर मिला है, जिससे पुलिस ने जब संपर्क किया तो पता चला कि युवक का नाम साजन कुमार मंडल (20) पिता कुलन मंडल सरिया थाना क्षेत्र का केसवारी निवासी है।खबर पाकर युवक के घर वाले थाना पहुंचे और उन्होंने बताया कि युवक मुंबई में रह कर मजदूरी का काम करता था।बीते 3 माह से अपने घर पर रह रहा था। 17 अप्रैल की संध्या समय अपने घर से बिना बताए निकला था।पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।साथ ही घटना की छानबीन में जूट गई।