प्रतिनिधि,सिंदरी। एक तरफ सरकार गरीबों को राशन, गैस, मेडिकल सुविधा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि इनके जीवन में खुशहाली आ सके। वहीं‌ दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल व नागालैंड की अवैध लॉटरी के साथ ड्यूप्लिकेट लॉटरी का काला व्यापार कर अवैध लॉटरी कारोबारी रोजमर्रा की कमाई करने वाले गरीबों को कंगाल बना रहे हैं। उनके परिवारों का निवाला छिना रहे हैं।





सिंदरी थाना क्षेत्र में इन दिनों गरीबों की गाढ़ी कमाई पर फन फैलाए बैठा अवैध कारोबारी बुलेट लाखों की अवैध कमाई कर रहा है। इन अवैध लॉटरी से गरीबों की गाढ़ी कमाई अवैध धंधेबाजों के हांथों में जा रही है। अपने गरीबी, तकलीफों से निजात पाने के लोभ में गरीब परिवार भूखे मरने को बेबस हैं और लॉटरी धंधेबाज इन्हें लूटने में मस्त हैं।





कारोबारी बुलेट के अवैध लॉटरी का सप्लायर एसएलटू कॉलोनी निवासी सह सिंदरी का दुकानदार नंदू यादव थाना का दंभ दिखाकर लॉटरी की सप्लाई स्थानीय गुर्गों को कर रहा है। उनका कहना है कि थाना सेट है और हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। अवैध कारोबारियों को ये ताकत कहां से मिल रहा है ये बात सोचनीय है,जबकि सिंदरी थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि लॉटरी के धंधेबाजों पर नकेल कसने की तैयारी कर रहा हूं, जिसकी शुरुआत कभी भी और कहीं से भी हो सकती है।